इलाहाबाद जंक्शन से आनंद विहार जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस से आने वाले दिनों में फ्लेक्सी फेयर हट सकता है। सितंबर माह में दुरंतो एक्सप्रेस बंद होने के साथ ही उसके स्लीपर कोटे की बर्थ घटने के बाद यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने रेलवे बोर्ड को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से हमसफर एक्सप्रेस से फ्लेक्सी फेयर हटाने का आग्रह किया गया है।
दरअसल, इलाहाबाद जंक्शन से नई दिल्ली के बीच चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस का संचालन 12 सितंबर के बाद नहीं होगा। इसके स्थान पर 13 सितंबर से हमसफर एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन नई दिल्ली एवं तीन दिन आनंद विहार टर्मिनल जाएगी। हालांकि दुरंतो एक्सप्रेस में जहां एक ओर स्लीपर, थर्ड एसी, एसी टू एवं एसी फर्स्ट के कोच हैं तो वहीं हमसफर एक्सप्रेस में सभी कोच थर्ड एसी श्रेणी के ही हैं। ऐसे में दुरंतो एक्सप्रेस बंद होने का सबसे ज्यादा असर स्लीपर के यात्रियों पर ही पड़ना है। क्योंकि इस ट्रेन में स्लीपर श्रेणी की 720 बर्थ है। वहीं दूसरी ओर हमसफर एक्सप्रेस की बात करें तो उसमें थर्ड एसी श्रेणी की 1296 बर्थ है।
फ्लेक्सी फेयर होने की वजह से हमसफर का न्यूनतम किराया 1115 एवं अधिकतम 1625 रुपये है। ऐसे में स्लीपर के जो यात्री दुरंतो में अब तक सफर के दौरान न्यूनतम 415 एवं अधिकतम 605 रुपये देते थे, उन्हें मजबूरी में हमसफर एक्सप्रेस का ही सहारा लेना पड़ेगा। यूं तो प्रयागराज एक्सप्रेस में भी स्लीपर का विकल्प है लेकिन, उसमें अमूमन लंबी प्रतीक्षा ही रहती है। दुरंतो एक्सप्रेस बंद होने के बाद प्रयागराज एक्सप्रेस में प्रतीक्षा सूची का ग्राफ बढ़ना तय है।
इसी वजह से एनसीआर प्रशासन ने बीच का रास्ता निकाला है। एनसीआर प्रशासन ने हमसफर एक्सप्रेस से फ्लेक्सी फेयर हटाने के लिए पत्र भेजा है। फ्लेक्सी फेयर हटने के बाद उसका एक निश्चित किराया भी हो जाएगा। साथ ही स्लीपर के ऐसे यात्री जो थोड़ा ज्यादा किराया दे सकते हैं वे आसानी से हमसफर एक्सप्रेस में शिफ्ट हो जाएंगे। हालांकि तब भी स्लीपर के यात्रियों को थर्ड एसी में बर्थ पाने के लिए अतिरिक्त किराये के रूप में 500 से 600 रुपये देने पड़ सकते हैं।
दुरंतो एक्सप्रेस का किराया
क्लास किराया कुल बर्थ
स्लीपर 415-605 720
थर्ड एसी 1130-1550 360
एसी टू 1580-2320 156
एसी फर्स्ट 2680 24
हमसफर एक्सप्रेस का किराया
थर्ड एसी 1115-1625 1296
प्रयागराज एक्सप्रेस का किराया
स्लीपर 2360 880
थर्ड एसी 990 288
एसी टू 1400 156
एसी फर्स्ट 24 2360