इविवि में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो चुकी है। इसके अलावा भी तमाम कार्यों को ऑनलाइन किए जाने की योजना है। इसी के मद्देनजर विश्वविद्यालय में इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (आईसीटी) सेल का पुनर्गठन किया गया है। यूजीसी कमेटी की रिपोर्ट में भी आईसीटी सेल के पुनर्गठन की सिफारिश की गई है। यह सेल ऑनलाइन कार्यों की निगरानी करेगी।
हालांकि, कार्यवाहक कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने कार्यभार संभालते ही इविवि में ज्यादातर काम पेपर लेस किए जाने के निर्देेश दिए थे। आईसीटी सेल के पुनर्गठन के बाद इस कार्य में तेजी आएगी। यूजीसी कमेटी ने भी परीक्षाओं और एकेडमिक कैलेंडर को लेकर जो गाइडलाइन जारी की है, उसमें आईसीटी सेल के गठन का सुझाव दिया गया है, ताकि भविष्य में ऑनलाइन पढ़ाई के साथ अन्य कार्यों को भी ऑनलाइन किए जाने की योजना पर तेजी से काम किया जा सके। लॉकडाउन के कारण सबकुछ बंद हो जाने से कामकाज काफी प्रभावित हुआ है। विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन कार्यों की परंपरा बहुत कम रही है। यही वजह है कि ज्यादातर काम पेंडिंग हैं। यहां तक कि ऑनलाइन अध्ययन में भी तमाम तरह की बधाएं आ रही हैं। आईसीटी सेल ऑनलाइन कार्यों पर नियमित रूप से निगरानी करेगी और समस्याओं का निराकरण भी करेगी।