महाकुंभ-2025 को ध्यान में रखकर बड़ी परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएं और उनको प्रस्तावों में शामिल किया जाए। इस बार भी दिव्य और भव्य कुंभ होगा। सड़कों, पुलों के निर्माण में मानक का ध्यान रखा जाए। गुणवत्ता की अनदेखी किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी। यह बातें मंगलवार को पहली बार प्रयागराज पहुंचे लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने सर्किट हाउस में अफसरों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री ने सड़कों, सेतु परियोजनाओं की प्रगति की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने मुख्य अभियंताओं के अलावा सेतु निगम के परियोजना अधिकारियों को हिदायत दी कि वह निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराएं। मंत्री ने महाकुंभ-2025 के तहत आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बड़े कार्यों का प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया। कहा कि कार्ययोजना बनाते समय जनप्रतिनिधियों से अवश्य विचार-विमर्श किया जाए।
जनता के सुझावों को भी कार्य योजना में शामिल करें। उन्होंने शहर में जलभराव एवं जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। मंत्री ने ग्राम्यांचलों की सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही कहा कि अभियान चलाकर ग्रामीण इलाकों की सड़कों के चौड़ीकरण एवं मरम्मतीकरण की कार्ययोजना बनाई जाए। मंत्री ने पीडब्लूडी के अधिकारियों को शहर में नालों एवं नालियों पर किए जाने वाले अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाने का निर्देश दिया।