सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन के पुर्नविकास का कार्य माह भर के भीतर शुरू किए जाने की तैयारी है। इन दोनों बस स्टेशन पर होने वाले पुर्नविकास कार्य के चलते वहां से संचालित बसें कहां से चलेंगी, उसके लिए शहर में पांच स्थान चिह्नित किए गए हैं। चिह्नित स्थलों में से रोडवेज प्रशासन ने केपी कॉलेज ग्राउंड को बसों के संचालन के लिए उर्पयुक्त स्थान माना है। क्योंकि यहां से जीरोरोड और सिविल लाइंस बस स्टेशन से संचालित सभी बसों का संचालन आसानी से किया जा सकता है।
फिलहाल पुर्नविकास की तैयारियों के बीच बसों के अस्थायी संचालन केंद्र के चयन को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से लेखपाल, कानूनगो और रोडवेज अफसरों की टीम ने प्रस्तावित स्थलों का सर्वे शुरू किया। पहले दिन दो स्थलों का निरीक्षण किया। शेष अन्य स्थलों का निरीक्षण मंगलवार एवं बुधवार को किया जाएगा। प्रशासनिक टीम द्वारा तमाम मानकों की जांच करने के बाद ही अस्थायी बस स्टेशन से बस संचालन की अनुमति दी जाएगी। बता दें कि सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन के पुर्नविकास का कार्य डेढ़ से दो वर्ष में पूरा हो सकेगा। इस अवधि में वहां से संचालित बसों के लिए यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन ने पांच स्थलों का चयन कर उसकी सूची जिला प्रशासन को भेजी है। इसमें एमजी मार्ग स्थित केपी कॉलेज के पास विद्या वाहिनी स्कूल ग्राउंड, केपी कॉलेज ग्राउंड, प्रिंटिंग कॉलेज (तेलियरगंज), नेहरू पार्क और प्रयागराज जंक्शन के सामने लीडर रोड बस स्टेशन को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए चिह्नित किया गया है। अफसरों का कहना है कि अगर केपी कॉलेज ग्राउंड मिलता है तो सिविल लाइंस और जीरोरोड की बसें एक ही स्थान से संचालित की जा सकती हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह का कहना है कि अभी सर्वे चल रहा है। अंतिम निर्णय जिला प्रशासन द्वारा ही लिया जाएगा।