श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के बाद रेलवे का अब एक जून से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर जोर है। इसके लिए प्रयागराज जंक्शन पर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। सोमवार एक जून से जंक्शन एवं छिवकी से स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इस दौरान दोनों स्टेशनों से 22 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होगा। इस बीच तमाम जोनल रेलवे द्वारा चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के रेक वापस मंगवाने शुरू कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि अभी उन्हीं श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा, जिनका शेड्यूल पूर्व में जारी हो चुका है।
रेलमंत्री द्वारा पिछले दिनों ही एक जून से सौ जोड़ी ट्रेनों को चलाने का एलान किया गया था। इसमें प्रयागराज एक्सप्रेस भी शामिल है। इसका संचालन स्पेशल ट्रेन के रूप में रेलवे एक जून से करेगा। इन ट्रेनों का स्टापेज एवं कोच संरचना में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए भी जंक्शन एवं छिवकी में विशेष तैयारी की गई है। यहां प्रत्येक घंटे स्टेशन को सैनिटाइज किया जा रहा है।
स्टेशनों पर पद चालित वाटर बूथ एवं सैनिटाइजर डिस्पेंसर की व्यवस्था की गई है। जंक्शन पर सभी यात्रियों का प्रवेश सिटी साइड स्थित गेट नंबर चार से होगा, जबकि निकासी सिविल लाइंस साइड से होगी। वहीं दूसरी ओर प्रयागराज जंक्शन पर शनिवार को बांद्रा टर्मिनल से श्रमिक स्पेशल ट्रेन सुबह चार बजे के आसपास पहुंची। इस ट्रेन से तकरीबन 1600 यात्री यहां उतरे। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद स्टेशन के बाहर खड़ी बसों से वह विभिन्न स्थानों के लिए रवाना हुए।
यात्रियों के लिए गाइडलाइन
0 केवल कंफर्म टिकट धारकों को ही जंक्शन एवं छिवकी रेलवे स्टेशन पर प्रवेश
0 यात्रियों के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप अनिवार्य रहेेगा
0 ट्रेन रवानगी के डेढ़ से दो घंटे पूर्व ही यात्रियों को स्टेशन पहुंचना होगा।
0 स्टेेशन परिसर में निजी वाहनों का भी प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा।
0 रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पैक फूड एवं पानी की बोतल खरीदने की अनुमति