स्वच्छ, सुगम, सुरक्षित और भव्य रूप से होगा मेला : मंडलायुक्त
संगम तट पर मंगलवार को माघ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और निर्विघ्न आयोजन की मंगल कामना के साथ गंगा पूजन किया गया। पूजन के बाद मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप इस बार मेला स्वच्छ, सुगम, सुलभ, सुरक्षित और भव्य रूप से होगा। पुराने अनुभवों से सीख लेकर कई नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं।
पूजन के दौरान मंडलायुक्त के अलावा पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मेलाधिकारी ऋषिराज और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा सहित शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बड़े हनुमानजी मंदिर के महंत बलवीर गिरि महाराज, विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा, महापौर गणेश केसरवानी ने भी मां गंगा की आराधना कर मेले के शांतिपूर्ण आयोजन की प्रार्थना की।
मंडलायुक्त ने बताया कि मेले का क्षेत्र सात सेक्टरों में लगभग 800 हेक्टेयर में फैलेगा। इस बार करीब 15 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। श्रद्धालुओं को कम चलना पड़े, इसके लिए सेक्टरों का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारण किया गया है। पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने कहा कि इस बार मेला और अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित होगा। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी श्रद्धालु को कोई कठिनाई न हो। मेलाधिकारी ऋषिराज ने कहा कि मेला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ व्यवस्था बना रहा है। इस अवसर पर पुरोहित, धर्माचार्य, विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने मेलाधिकारी को बधाई दी
गंगा पूजन के लिए तीन जेटी को जोड़ कर प्लेटफाॅर्म तैयार किया गया था। इसे तरह-तरह के फूलों से सजाया गया था। बेहतर इंतजाम को देख पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि वास्तव में इस बार इंतजाम देखकर मन खुश हो गया। इसके बाद मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने भी मेलाधिकारी को बधाई दी।
दंडी स्वामी नगर में भूमि पूजन, जमीन आवंटन आज से
मठ मछली बंदर काशी आश्रम के महंत विमल देव महराज ने मंगलवार को माघ मेला क्षेत्र में दंडी स्वामी नगर में भूमि पूजन किया, लेकिन मंगलवार होने की वजह से जमीन आवंटन का कार्य शुरू नहीं हो सका। अब भूखंडों का आवंटन बुधवार से शुरू होगा।
मेलाधिकारी ने बताया कि मेले में सबसे पहले दंडी बाड़ा को भूखंडों का आवंटन किया जाता है। इसके तहत मेला प्रशासन ने दो से चार दिसंबर तक दंडी बाड़ा, पांच और छह दिसंबर को आचार्य बाड़ा और सात से नौ दिसंबर को खाक चौक को भूमि आवंटन करने की तिथि तय किया है। शेष संस्थाओं एवं अन्य को भूमि सुविधाओं के आवंटन की तिथियां इसके बाद में घोषित होगी।
उधर, आश्रम से जुड़े योगेंद्र स्वरूप ने बताया कि मंगलवार होने की वजह से आवंटन का कार्य शुरू नहीं हो सका। बुधवार से आवंटन की प्रक्रिया संपन्न होगी। इस मौके पर दंडी, सन्यासी, महंत, संत, ब्रह्मा आश्रम, शंकरा आश्रम, शिवबोध आश्रम, सुदर्शन आश्रम, गोविंद आश्रम से जुड़े संतों की मौजूद रहे।
10 जनवरी से पहले होगा हनुमान मंदिर कॉरिडोर का कायाकल्प
हनुमान मंदिर कॉरिडोर का कायाकल्प माघ मेला शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाएगा। बीते दिनों प्रयागराज आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने वहां चल रहे कार्यों में तेजी जाने के निर्देश दिए थे। इसी के मद्देनजर पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज और सचिव अजीत सिंह ने मंगलवार को हनुमान मंदिर कॉरिडोर का निरीक्षण किया। वहां स्थित राम जनकी मंदिर का कायाकल्प होना है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में 10 जनवरी तक यह कार्य पूरा कर लिया जाए। इसके बाद दूसरे चरण में हनुमान मंदिर के अंदर काम होगा। इसके तहत उस जगह को चौड़ा किया जाएगा, जहां श्रद्धालु खड़े होकर लेटे हनुमान जी का दर्शन करते हैं।