माध्यमिक शिक्षा निदेशालय प्रदेश के 4,512 एडेड स्कूलों में रिक्त 23,213 पदों के अधियाचन को अप्रैल के अंतिम सप्ताह से पहले अपलोड करने की तैयारी में है। अब केवल आयोग के संशोधित पोर्टल के अपडेट होने का इंतजार है। इसके बाद आयोग भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बृहस्पतिवार को उपयोगकर्ता स्वीकृति परीक्षण (यूएटी) शासन को भेज दिया। पोर्टल अपडेट होते ही माध्यमिक शिक्षा निदेशालय एडेड माध्यमिक स्कूलों के रिक्त पदों का विवरण अपलोड करेगा। अधियाचन का तकनीकी परीक्षण कर आयोग भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। प्रदेश के माध्यमिक एडेड स्कूलों में पिछले पांच वर्षों से कोई नई नियुक्ति नहीं हुई है।
वर्ष 2021 के बाद से ही करीब 27,376 से अधिक पद रिक्त हैं। इससे पहले वर्ष 2021-22 में तत्कालीन माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड (अब शिक्षा सेवा चयन आयोग) ने प्रवक्ता (पीजीटी) के 624 और सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 3,539 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसमें पीजीटी की परीक्षा नौ व 10 मई तथा टीजीटी की परीक्षा तीन व चार जून को प्रस्तावित हैं। अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि अधियाचन के बाद कुल 23,213 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी होना है।
इसमें इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1502, हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक / प्रधानाचार्य के 1003, प्रवक्ता (पीजीटी) के 2705, सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 16,114 और संबद्ध प्राइमरी में सहायक अध्यापक के 1,889 पद शामिल हैं। वहीं, आयोग के उपसचिव संजय सिंह ने बताया कि यूएटी शासन को दो दिन पूर्व भेज दिया गया है। वर्ष 2022 के टीजीटी-पीजीटी के 4,163 पदों के लिए पहले ही विज्ञापन जारी किया जा चुका है और उनकी परीक्षाएं मई-जून में होंगी। निदेशालय से अधियाचन प्राप्त होने के बाद परीक्षण कर नई भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा।