12वीं के बाद उच्च शिक्षा सिर्फ डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को पढ़ाई के साथ रोजगारपरक कौशल सीखने का भी अवसर मिल रहा है। सीएमपी डिग्री कॉलेज ने इसी दिशा में पहल करते हुए बीए, बीकॉम, बीएससी और बीसीए जैसे पाठ्यक्रमों के साथ कुल 48 स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी शुरू किए हैं।
कॉलेज की पीआरओ सरोज बताती हैं कि इन कोर्स का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राएं हर सेमेस्टर में एक नया स्किल कोर्स चुन सकते हैं, जिससे उनकी बहुआयामी प्रतिभा का विकास होगा।
स्किल डेवलपमेंट के तहत वॉटर क्वालिटी मैनेजमेंट, वेबसाइट डेवलपमेंट (फ्रॉम बेसिक टू डिप्लॉयमेंट), वेदिक नॉलेज एंड ट्रेडिशन, सामान्य हिंदी, साहित्यिक पत्रकारिता, भारतीय सुगम संगीत, मशरूम कल्टिवेशन जैसे कोर्स प्रमुख हैं। ये कोर्स न केवल पारंपरिक विषयों को मजबूत करते हैं, बल्कि छात्रों को स्वरोजगार और नए कॅरिअर विकल्पों की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।
इसके अलावा जो विद्यार्थी कानून के क्षेत्र में कॅरिअर बनाना चाहते हैं, उनके लिए पांच वर्षीय बीएएलएलबी कोर्स का विकल्प भी उपलब्ध है। इससे छात्रों को प्रारंभ से ही विधि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उनका कहना है कि बदलते समय में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। स्किल आधारित शिक्षा ही छात्रों को प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाएगी।
खास बातें
- 48 स्किल डेवलपमेंट कोर्स का विकल्प।
- हर सेमेस्टर में नया कोर्स चुनने का मौका।
- डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल पर जोर।
- रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए उपयोगी।
प्रमुख कोर्स
क्रिएटिव राइटिंग, योगा एंड मेडिटेशन, हाइड्रोफोनिक फार्मिंग, जेंडर एंड सोसाइटी, फिल्म एंड स्टेज ड्रामा आदि।