थाना क्षेत्र के भनौरी गांव में शुक्रवार रात करीब 11ः30 बजे घर में घुसे चोरों ने कमरे में सो रही गर्भवती महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद 16 लाख के गहने और 4.50 लाख की नकदी पार कर दी। महिला को होश आया तो उसने घर के बाहर सो रहे पति को आवाज लगाई। तब जाकर घर के अन्य सदस्यों को चोरी की जानकारी हुई।
उक्त गांव निवासी अनुज पटेल अपने घर के बाहर सोए हुए थे। उनकी गर्भवती पत्नी अंजली पटेल घर के अंदर थी। रात करीब 11ः30 बजे चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और कमरे की कुंडी तोड़ने लगे। इसी बीच अंजली की आंख खुली तो वह कमरे से बाहर आ गई। अंजली ने बताया कि तीन चोरों को देखकर शोर मचाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मुंह से कपड़े को बांध दिया और लात-घूंसे से हमला कर दिया। जिससे वह बेहोश गई। इसके बाद कमरे के अंदर रखे बक्से को खेत में उठा ले गए। होश में आने पर जानकारी पति को दी।
पीड़ित अनुज पटेल ने कौंधियारा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि चोर करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 4.50 लाख नकद और दो बोरी चावल ले गए। घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान जगदंबा प्रसाद पटेल समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं, एसीपी कौंधियारा विवेक यादव ने बताया कि पुलिस जांच कर रही। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।