रेलवे क्रासिंग अंडरब्रिज का काम तेज
- फोटो : demo
शुक्रवार दोपहर में बंद रेलवे फाटक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की चीथड़े उड़ गए। करछना थाना क्षेत्र के भीरपुर रेलवे स्टेशन के समीप हुई इस घटना के बाद रेलवे पुलिस, जीआरपी और इलाकाई थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। तब तक में ग्रामीणों का मजमा लग गया था। परिजन भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंच चुके थे। पुलिस ने किसी तरह से वहां से दोनों मृत महिलाओं की लाश को हटवाया और पंचनामा करके पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत नेवादा समोगर गांव निवासी सुशीला प्रजापति (42) पत्नी अमरजीत प्रजापति शुक्रवार को दोपहर में अपने पति के साथ बाइक से मायके रैपुरा गांव जा रही थी। दूसरी तरफ की महिला खांई गांव की रहने वाली नचका देवी उर्फ गोमती देवी (46) पत्नी राम नारायण अपने घर से मर्दापुर स्थित अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जा रही थी। जब वह दोनों भीरपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे फाटक के पास पहुंची तो पता चला कि रेलवे फाटक बंद है। अमरजीत ने पत्नी सुशीला को उतारा और बाइक लेकर रेलवे फाटक पार कर गया। सुशीला पैदल ही रेलवे लाइन पार कर रही थी।
उसके सामने विपरीत दिशा से नचका उर्फ गोमती देवी भी रेलवे लाइन पार कर रहीं थी। दोनों जैसे ही रेलवे लाइन पर पहुंची, ठीक उसी समय सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। जिसकी चपेट में आने से दोनों महिलाओं के शरीर के चीथड़े उड़ गए। फाटक के दोनों ओर खड़े लोगों ने देखा तो उनकी चीख निकल गई। ट्रेन गुजरते ही लोग दौड़कर महिलाओं के पास पहुंचे लेकिन उन दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस व जीआरपी को सूचना दी गई। पता चलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बताया। जीआरपी नैनी चौकी इंचार्ज राकेश कुमार राय ने दोनों का पंचनामा भरकर मालगाड़ी से ही दोनों शवो को जीआरपी चौकी नैनी ले आए।