उधमपुर एक्सप्रेस को मिलेगा एक और रेक, तभी होगा विस्तार
उधमपुर एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शनिवार को सूबेदारगंज से एवं वापसी में शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को संचालित होती है। अभी ट्रेन के एक रेक से ही इसका आवागमन हो रहा है। श्रीनगर तक चलाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे को एक और रेक की दरकार है। उसी के बाद इसका विस्तार होगा। वर्तमान में इस ट्रेन का यहां से इसका संचालन शाम 4.10 बजे हो रहा है।
चर्चा है कि इसे दोपहर 3.00 बजे यहां से चलाया जाएगा। निर्धारित ठहराव पर रुकते हुए ट्रेन अगले दिन शाम चार बजे श्रीनगर पहुंच जाएगी। इसी तरह वापसी में श्रीनगर से इसका संचालन सुबह दस बजे किए जाने की तैयारी है जो अगले दिन सुबह 11.30 बजे सूबेदारगंज पहुंच जाएगी। हालांकि रेलवे की ओर से अभी अधिकृत रूप से कुछ भी नहीं कहा जा रहा है।
इन स्टेशनों पर है उधमपुर का ठहराव
फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, अलीगढ़ जंक्शन, खुर्जा जंक्शन, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियान, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मूतवी।
निकट भविष्य में श्रीनगर तक कुछ ट्रेनों का विस्तार तो होना है लेकिन वह कौन सी ट्रेनें होंगी उसे लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। रेलवे बोर्ड द्वारा इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। - शशिकांत त्रिपाठी, सीपीआरओ, एनसीआर।