एसआरएन अस्पताल में कोरोना के नोडल अफसर डॉ. सुजीत कुमार के मुताबिक बुधवार को तीन लोगों को भर्ती किया गया था। इनमें प्रतापगढ़ के दो बुजुर्ग मरीज और एक रीवा मध्य प्रदेश का रहने वाला था। इनके साथ ही आइसोलेशन वार्ड में कुल पांच मरीज भर्ती थे। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर भर्ती किया गया था। उनके लक्षण कोरोना से मिलते जुलते थे। सभी के स्वाब नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच के लिए भेजे गए थे।
आइसोलेशन वार्ड में बुधवार देर रात प्रतापगढ़ के एक बुजुर्ग मरीज और अतरसुइया के युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। परिजनों को उचित दूरी बनाए रखने का निर्देश देते हुए शव घर तक ले जाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को ओपीडी में भीड़ रही लेकिन किसी मरीज को भर्ती नहीं किया गया। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन अन्य मरीजों को जांच के बाद शुक्रवार को सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।