रेलकर्मी ने प्रताड़ना से तंग आकर की थी खुदकुशी
पिता ने युवती समेत चार पर लिखाया केस
प्रयागराज। धूमनगंज में एक दिन पहले रेल कर्मी आदित्य सिंह की खुदकुशी के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता का आरोप है कि उसने प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर यह कदम उठाया। उन्होंने युवती समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
मूल रूप से कौशाम्बी के सैनी का रहने वाला आदित्य डीआरएम ऑफिस में ग्रुप डी कर्मचारी था। वह धूमनगंज स्थित रम्मन का पुरवा में किराये के मकान में रहता था। जहां 29 मार्च की रात वह फांसी पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने इसे खुदकुशी का मामला बताया था। अब मामले में नया मोड़ तब आ गया जब पिता कमल सिंह ने बेटे की खुदकुशी के लिए उसकी होने वाली पत्नी समेत चार लोगों को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक युवती ने साजिशन उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। जिसमें उसके माता-पिता व भाई भी शामिल थे। इसकेबाद उससे फतेहपुर में एक मकान खरीदवाया और फिर इसे अपने नाम करवा लिया। फिर शादी से इंकार कर दिया। जब उसके बेटे ने रुपये वापस मांगे तो उसे प्रताड़ित किया। इसके बाद ही उसने वापस आकर खुदकुशी कर ली। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। ब्यूरो