प्रयाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सजगता से दो युवतियों की जान बच गई। यहां शुक्रवार की शाम मनवर संगम एक्सप्रेस में किसी ने चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन में चेनपुलिंग होने के बाद उसमें तमाम यात्री प्लेटफार्म के दूसरी साइड में उतरने लगे। इसी बीच वहां थ्रू लाइन से गांधीनगर कैपिटल- वाराणसी एक्सप्रेस गुजरी। तेज गति से आ रही ट्रेन से बचने के लिए दो युवतियां प्लेटफार्म पर चढ़ने के लिए भागी। वहां खड़े आरपीएफ एएसआई बीरसिंह और उनकी टीम ने दोनों का हाथ पकड़कर ऊपर खींच लिया। हालांकि इस आपाधापी में एक युवक जरूर घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि मनवर संगम प्रयाग जंक्शन से होकर प्रयागराज संगम की तरफ जा रही थी। रात 8.56 बजे ट्रेन प्रयाग पहुंची तो किसी ने चेन पुलिंग कर दी। चेन पुलिंग होते ही उसमें बैठे तमाम यात्री उतरने लगे। कुछ प्लेटफार्म पर उतरे तो कुछ दूसरी साइड नीचे रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्लेटफार्म नंबर एक की ओर भागने लगे। प्लेटफार्म पर खड़े आरपीएफ कर्मियों ने लोगों से ट्रेन से उतरने के लिए मना किया लेकिन उनकी बात तमाम यात्रियों ने अनसुनी कर दी। इस बीच एक युवक को मनवर संगम में अपनी साइकिल लेकर उतरा वह तेजी से आ रही गांधीनगर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गया।
हालांकि प्रीती और रेनू मौर्य नाम की दो युवती जो मनवर संगम एक्सप्रेस से उतर कर प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ आ रही थी उन्हें आरपीएफ प्रभारी और महिला कांस्टेबल शिवानी द्वारा बिना विलंब किए प्लेटफार्म के ऊपर खींच लिया गया। इससे दोनों की जान बच गई। दोनों ही युवितयों के परिजनों ने आरपीएफ का आभार भी जताया, वहीं घायल युवक को जीआरपी ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। बता दें कि प्रयाग स्टेशन पर मनवार संगम समेत कई ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं है। इस वजह से यहां हर रोज चेन पुलिंग की घटना होती है। यात्री भी लगातार मांग कर रहे हैं कि प्रयाग में मनवार संगम एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।