डेढ़ दर्जन मोहल्लों में लाल निशान का आतंक
सड़क चौड़ीकरण के चलते जद में आए सैकड़ों मकान
प्रयागराज। महानगर में सड़क चौड़ीकरण एवं रेलवे लाइन दोहरीकरण के प्रस्तावित कार्यों के चलते डेढ़ दर्जन से अधिक इलाकों के सैकड़ों मकानों के ऊपर ध्वस्तीकरण की तलवार लटक गई है। म्यो रोड, अल्लापुर, अलोपीबाग, कीडगंज, एलनगंज जैसे मोहल्लों में मकान के बाहर लाल निशान लगाए जा चुके जबकि कटरा, सिविल लाइंस, मम्फोर्डगंज इलाकों में अभी चिन्हिकरण का काम कराया जाना है।
कुंभ के दौरान पीडीए ने शहर की कुल 18 सड़कों का चौड़ीकरण किया था। इन सड़कों की चौड़ाई मास्टर प्लान-2021 के आधार पर बढ़ाई गई थी। अब दूसरे चरण में स्मार्ट सिटी के तहत सड़काें का चौड़ीकरण होना है। म्यो रोड में आनंद अस्पताल से ट्रैफिक पुलिस लाइन तक चौड़ीकरण का काम पूरा हो गया अब ट्रैफिक पुलिस लाइन से बाबा चौराहे के बीच चौड़ीकरण होना है। इसकी चौड़ाई 18 मीटर तक की जानी है। नापजोख के बाद सड़क के दोनों ओर 9-9 मीटर तक बने मकानों पर लाल निशान लगा दिए गए। बाघम्बरी गद्दी रोड में भी सड़क के दोनों ओर आगे बढ़ाकर बनाए गए घरों के आगे लाल निशान लगाए जा चुके। अब स्मार्ट सिटी के तहत चिन्हित सत्रह सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भी जगह खाली कराई जाएगी हालांकि अभी इन सड़कों की चौड़ाई की स्थिति बहुत साफ नहीं है लेकिन पीडीए सूत्रों का कहना है कि मास्टर प्लान के लिहाज से इन सड़कों को 18-24 मीटर किया जाना है। इनके बीच डिवाइडर बनाए जाएंगे, ऐसे में कटरा, मम्फोर्डगंज में सबसे अधिक मकान इसकी जद में आएंगे। वहीं, उपाध्यक्ष टीके शीबू इस बारे में साफ तौर पर कुछ भी बोलने को राजी नहीं हुए।
इनसेट
शंकराचार्य आश्रम भी चौड़ीकरण की जद में
प्रयागराज। अलोपीाबाग में जगतगुरू शंकराचार्य आश्रम से रामजानकी मंदिर के बीच भी सड़क चौड़करण होना है। यह काम कुंभ मेला से पहले ही पूरा करा लेना था लेकिन मेला आरंभ हो जाने की वजह से यह कार्य नहीं कराया जा सका। प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में शंकराचार्य आश्रम की पूरी बाहरी दीवार भी आ रही है। ।
इनसेट
इन सड़कों के किनारे बने घरों पर लटकी तलवार
0 बाघम्बरी गद्दी रोड के दोनों ओर
0 अलोपीबाग में जगतगुरू शंकराचार्य आश्रम से रामजानकी मंदिर के बीच
0 बहादुरगंज डॉट पुल से कोतवाली
0 राजापुर म्यो रोड
0 सरदार पटेल मार्ग में विवेकानंद चौराहे से राजापुर वर्कशाप
0 सरोजनी नायडू मार्ग में नवाब युसूफ रोड क्रासिंग से म्यो रोड क्रासिंग
0 डा.लोहिया रोड में नवाब यूसुफ रोड क्रासिंग से म्यो रोड क्रासिंग
0 क्लाइव रोड में नवाब युसूफ रोड क्रासिंग से हनुमान मंदिर चौराहा
0 स्ट्रैची रोड में नवाब युसूफ रोड क्रासिंग से पीडी टंडन रोड क्रासिंग
0 कूपर रोड में नवाब युसूफ रोड क्रासिंग से थार्नहिल रोड क्रासिंग
0 ताशकंद रोड में पोलो ग्रांउड क्रासिंग से कमला नेहरू रोड क्रासिंग
0 तेज बहादुर सप्रु मार्ग में पुरूषोत्तम दास टंडन रोड क्रासिंग से कस्तूरबा गांधी रोड क्रासिंग
0 कमला नेहरू रोड में हिंदू हॉस्टल से मनमोहन पार्क
0- शोभनाथ सिंह रोड में यूनिवर्सिटी रोड क्रासिंग से लक्ष्मी टॉकीज क्रासिंग
0 कटरा रोड में कचेहरी रोड से जवाहर लाल नेहरू रोड
0 कमला नेहरू रोड में मनमोहन पार्क क्रासिंग से लक्ष्मी टॉकीज चौराहा
0 कटरा रोड में मनमोहन पार्क से शोभनाथ सिंह रोड क्रासिंग
0 हाशिमपुर रोड में बालसन चौराहा से चर्चलेन चौराहा
0 मम्फोर्डगंज रोड त्रिपाठी चौराहा से कचेहरी रोड
0 मम्फोर्डगंज रोड त्रिपाठी चौराहा से फौव्वरा चौराहा