करेली के रहने वाले नाबालिग छात्र ने छोटी उम्र में बड़ी करतूत को अंजाम दिया है। उसने साथ पढ़ने वाली एक छात्रा को धमकी देकर आठ लाख से अधिक वसूल लिए। परिजनों की तहरीर पर नाबालिग छात्र गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि वह आरोपों से इनकार करता रहा। पुलिस ने उसका मोबाइल चेक किया लेकिन कोई फोटो नहीं नहीं मिली। फिलहाल धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग, धमकी और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
करेली का रहने वाला एक नाबालिग छात्र और छात्रा सिविल लाइंस स्थित एक ही स्कूल में पढ़ाई करते हैं। छात्रा के परिजन मंगलवार को थाने पहुंचे और बताया कि स्कूल में साथ पढ़ने वाले छात्र ने उनकी बेटी की आपत्तिजनक फोटो खींच ली और ब्लैकमेल कर पैसे वसूल रहा है। उन्होंने घर में सीसीटीवी लगवाया था। इसके बाद ही ब्लैकमेलिंग की जानकारी हुई। एसओ करेली विनोद कुमार ने बताया कि घर वालों से तहरीर मांगी गई, उसके अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
तहरीर में आपत्तिजनक फोटो का जिक्र नहीं किया गया है। बुधवार को आरोपी नाबालिग छात्र को गिरफ्तार किया गया। थाने पर छात्रा को भी बुलाया गया। छात्रा ने छात्र को पहचानते हुए कहा कि इसी ने ब्लैकमेल कर पैसे लिए हैं। इसके बाद छात्र से पूछताछ की गई तो उसने पूरी घटना से ही इनकार कर दिया। उसने कहा कि न तो उसने आपत्तिजनक फोटो खींचे न ही पैसे लिए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल भी चेक किया लेकिन कोई फोटो नहीं मिली।
एसओ विनोद कुमार का कहना है कि फिलहाल छात्रा के परिजनों ने जो तहरीर दी है उसके मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ प्रथम ने बताया कि लड़की के भाई की तहरीर पर आरोपी छात्र के खिलाफ धारा 419, 420 , 406, 506 और पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। सीओ ने बताया कि तहरीर में आपत्तिजनक फोटो या छेड़खानी का जिक्र नहीं था, इसलिए छेड़खानी की धारा नहीं लगाई गई।