संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से घोषित यूपी पालीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के परिणाम में संगमनगरी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले मेधावियों ने कब्जा जमाया है। परिषद की ओर से जारी परिणाम में प्रयागराज के राहुल कुशवाहा ने 400 अंक की परीक्षा में 378 अंक लेकर प्रदेश में टॉप किया है। शहर में ही रहकर तैयारी कर रहे जौनपुर के सचिन कुमार बिंद ने 376 अंक के साथ दूसरी रैंक हासिल की है। तीसरा स्थान जौनपुर के प्रदीप पटेल को मिला, यह भी यहीं रहकर तैयारी करते थे। वहीं चौथे स्थान पर संगमनगरी के रमाकांत यादव रहे।
परिणाम में टॉप 100 में प्रयागराज के छात्रों ने अपना डंका बजाया है। इससे पूर्व भी 2018 में पालीटेक्निक एवं आईईआरटी के परिणाम में भी प्रयागराज के छात्रों का दबदबा था। वहीं प्रवेश परीक्षा में दूसरी और तीसरी रैंक हासिल करने वाले सचिन कुमार बिंद और प्रदीप पटेल प्रदेश के पालीटेक्निक कॉलेजों में नहीं, बल्कि आईईआरटी प्रयागराज में प्रवेश लेंगे। दूसरी रैक पाने वाले सचिन को आईईआरटी प्रवेश परीक्षा में 12वीं और प्रदीप पटेल को 115वीं रैंक मिली है। इन छात्रों का कहना है कि आईईआरटी के बड़े नाम को देखते हुए वह यहीं प्रवेश लेंगे।
शक्ति कोचिंग का बड़ी सफलता का दावा
यूपी पालीटेक्निक के घोषित परिणाम में शक्ति कोचिंग से तैयारी करने वाले सचिन कुमार बिंद को प्रदेश में दूसरी रैंक मिली है। संस्थान के राहुल कुमार पांडेय का दावा है कि प्रवेश परीक्षा में उनके संस्थान से तैयारी करने वाले सचिन कुमार बिंद को प्रदेश में दूसरी, सूर्यजीत यादव नौवीं, अंकुर यादव 11वीं, प्रदुम्न मिश्र 15वीं, रौनक मिश्र 16वीं, आशीष कुमार 21, उदयराज मिश्र 26 वीं, हर्षित केसरवानी 29 वीं, पंकज पटेल 47 वीं, अमित कुशवाहा 52 वीं, सतीश पटेल 63 वीं, निलेश यादव को 78 वीं रैंक मिली है। उनका दावा है कि संस्थान से बड़ी संख्या में छात्रों को प्रवेश परीक्षा में सफलता मिली है। चयनित छात्रों को संस्थान के राहुल पांडेय, सुभाष द्विवेदी सहित सभी शिक्षकों ने बधाई दी है।