स्नातक प्रथम वर्ष की मूल्यांकन प्रणाली में बदलाव
0 राज्य विवि में 100 अंकों की होगी प्रथम वर्ष के सभी प्रश्नपत्रों की परीक्षा
0 75 अंकों की बाह्य और 25 अंकों की आंतरिक परीक्षा देंगे छात्र-छात्राएं
प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा के तहत मूल्यांकन प्रणाली में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। प्रथम वर्ष के सभी प्रश्नपत्र अब 100 अंकों के होंगे। राज्य विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं दस कई से प्रस्तावित हैं।
प्रथम वर्ष की परीक्षा के लिए मूल्यांकन प्रणाली में जो बदलाव किया गया है, उसके अनुसार अंकों को क्रेडिट एवं ग्रेडिंग प्रणाली के आधार पर परिवर्तित किया जाएगा। प्रत्येक प्रश्नपत्र में 75 अंकों की बाह्य और 25 अंकों की आंतरिक परीक्षा होगी। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए परीक्षा का समय दो घंटे निर्धारित किया गया है। वहीं, स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्रों की परीक्षा अवधि तीन घंटे की होगी। प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फतेहपुर में राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध 652 महाविद्यालयों में मई में प्रस्तावित वार्षिक परीक्षाओं के लिए साढ़े तीन लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें डेढ़ लाख छात्र-छात्राएं स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय एवं कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह के अनुसार नई शिक्षा नीति के तहत मूल्यांकन प्रणाली में अहम बदलाव किया गया है। ब्यूरो