टैगोर पब्लिक स्कूल ने 2-1 से सीरीज पर जमाया कब्जा
कुशल बेस्ट बैटर, अली बेस्ट बॉलर और मीजान बने प्लेयर आफ टूर्नामेंट
प्रयागराज। टैगोर पब्लिक स्कूल ने डीएवी क्रिकेट अकादमी को 44 रन से हराकर तीन मैचों की वंडर क्रिकेट सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। डीएवी कॉलेज मैदान पर शुक्रवार को खेले गए मैच में टीपीएस ने 25 ओवर में पांच विकेट खोकर 210 रन (विनायक शुक्ल 56, आयुष कुंद्रा 43, मीजान आलम 33, कुशल छाबरा 31, चहल वर्मा व अली रहमान दो-दो विकेट) बनाए।
जवाब में डीएवी अकादमी की टीम 25 ओवर में आठ विकेट खोकर 166 रन (सक्षम वर्मा 34, इशांत गुप्ता व विष्णु यादव 25-25, विनायक, मीजान, जसविंदर व कुशल एक-एक विकेट) ही बना सकी। सीरीज में कुशल छाबरा को बेस्ट बैटर, अली रहमान को बेस्ट बॉलर और मीजान को मैन ऑफ दि मैच एवं मैन ऑफ दि सीरीज चुना गया। सीरीज के समापन के अवसर पर धीरेंद्र कुशवाहा, वजाहत महमूद, दुर्गेश निषाद और रिंकू ने पुरस्कार वितरित किया। इस मौके पर अभिषेक सिन्हा, अंजुम परवेज, रूमी नक़वी समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद