कैंट में रहने वाली रिटायर सीओ से जमीन के नाम पर सात लाख की ठगी की गई। उनकी तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में सिविल लाइंस थाने में दो लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कैंट के स्टैनली रोड निवासी हरिनाथ शर्मा फरवरी 2013 में पुलिस विभाग से सीओ के पद से रिटायर हुए। उन्होंने पुलिस को बताया कि अपने विभाग में तैनात एक सिपाही के माध्यम से उनकी मुलाकात सोने लाल उर्फ सोमारू व त्रिभुवन दोनों निवासी वाराणसी हुई जो जमीन खरीद-फरोख्त का काम करते थे।
जिस पर उन्होंने भी फरवरी 2013 में जमीन खरीदने के लिए सात लाख रुपये दे दिए। छह महीने बाद भी जमीन नहीं मिलने पर पूछा गया तो सोमारू ने उन्हें त्रिभुवन के नाम के आठ लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में लगाने पर यह बाउंस हो गए। चूंकि चेक बीओबी सिविल लाइंस में बाउंस हुआ, ऐसे में मामले की शिकायत यहां की गई। आरोप है कि शिकायत के बावजूद रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई, जिस पर रिटायर सीओ ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए दंपति से 8.65 लाख रुपये हड़प लिए गए। दंपति के भतीजे कर्नलगंज निवासी सुरेंद्र कुमार पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनके चाचा आरके पांडेय की कंपनी के मैनेजर विनोद कुमार सिंह ने चाचा व चाची शकुंतला से कुल 8.65 लाख रुपये 12 प्रतिशत ब्याज दिलाने का आश्वासन देकर ले लिए। हालांकि कुछ महीनों बाद न ब्याज व न ही मूलधन दिया। आरोप है कि फर्जी बॉंड चेक, रिसीविंग देकर व फर्जी कंपनी खोलकर रुपये हड़पना चाहते हैं। उनकी तहरीर पर विनोद, तौसीफ इस्लाम सिद्दीकी व फुरकान अहमद पर रिपोर्ट दर्ज कर सिविल लाइंस पुलिस जांच में जुटी है।