बम्हरौली एयरपोर्ट में बम रखे होने की सूचना से शुक्रवार को सनसनी फैल गई। यह सूचना एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल करके दी गई। जिस पर सनसनी फैल गई। आननफानन में यात्रियों को बाहर निकालकर तीन घंटे तक चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। जिसके बाद एयरपोर्ट अफसरों व पुलिस ने राहत की सांस ली।
घटना सुबह 9.15 बजे के करीब हुई। टर्मिनल मैनेजर राकेश तिवारी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम तो नहीं बताया लेकिन यह कहा कि एयरपोर्ट में एक बैग में बम रखा है। इसके बाद कॉल डिसकनेक्ट हो गई। टर्मिनल मैनेजर ने अन्य अधिकारियों को सूचना दी तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और बम डिस्पोजल टीम भी पहुंच गई।
इसके साथ ही एंटी सबाटोज टीम भी आ गई। आननफानन में फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंचे यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर निकाला गया और फिर चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली गई। तीन घंटे तक पूरे परिसर की चेकिंग चलती रही लेकिन इसके बाद भी कहीं कुछ नहीं मिला। तब पता चला कि सूचना झूठी थी। तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली।
सीओ एयरपोर्ट सुरक्षा मनीष यादव ने बताया कि पूरे एयरपोर्ट परिसर की चेकिंग कराई गई लेकिन कुछ नहीं मिला। जानकारी करने पर पता चला कि कॉल यूएस से इंटरनेट के जरिए की गई थी। फिलहाल यही लग रहा है कि यह किसी की शरारत थी। एयरपोर्ट डायरेक्टर अंचल प्रकाश का कहना है कि सुबह 9.13 मिनट पर यह सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है।