प्रयागराज से निकला नया नारा ‘ हिंदुत्व की यही पुकार, हर हर महादेव, घर-घर महादेव’। काशी विश्वनाथ कॉरीडोर के लोकार्पण के दौरान भाजपाई जगह-जगह करेंगे पूजन।
वाराणसी में काशी कॉरीडोर के लोकार्पण के मौके पर प्रयागराज में भी जश्न होगा। यहां शहर के तमाम मंदिरों, मठों की विशेष साज सज्जा के साथ उन्हें दीयों से सजाया जाएगा। मंदिरों में घंटा, घड़ियाल तो बजेगा ही साथ ही भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी भाजपाइयों द्वारा किया जाएगा। इस बीच कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इस विशेष आयोजन को लेकर ‘ हिंदुत्व की यही पुकार, हर हर महादेव, घर-घर महादेव’ का नारा भी दिया है।
विज्ञापन
शनिवार को राजापुर स्थित आवास पर कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि 13 दिसंबर का दिन बहुत ही खास है। काशी कॉरोडोर के लोकार्पण को यादगार बनाने के लिए ही शहर पश्चिम विधानसभा के सभी पांच मंडलों में कार्यकर्ताओं की ओर से जुलूस निकाला जाएगा।
इस दौरान राजरूपपुर मंडल में हनुमान मंदिर 60 फीट रोड, प्रीतमनगर में माईजी कुटी शिवमंदिर पीएसी गेट के सामने, खुल्दाबाद में काली पूजा मंदिर और जमुना पट्ठी में हनुमान मंदिर घुस्सा झलवा रोड और गंगा पट्टी में शिवमंदिर में होगा। सिद्धार्थ नाथ ने बताया कि प्रयागराज ही नहीं प्रदेश भर में काशी कॉरीडोर के लोकार्पण को लेकर धार्मिक अनुष्ठान आदि आयोजन होंगे। कहा कि वह भी किसी एक मंदिर में जाकर सोमवार को रुद्राभिषेक करेंगे।