पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच वहां से आने वाले सामानों पर रोक लगा दी गई है। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तल्खी का असर अब बाजार में भी दिख रहा है। वहां से आने वाले छुहारा, अखरोट, पोस्ता और सेंधा नमक का भाव तकरीबन दो गुना बढ़ गया है। अगर हालात ऐसे ही रहे तो इन सभी के दाम में तेजी अभी और हो सकती है।
पाकिस्तान से छुहारा और सेंधा नमक भारत में आवक ज्यादा है। पुलवामा हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से आयात होने वाले सामानों पर आयात शुल्क 200 प्रतिशत कर दिया है। शुल्क बढ़ने से जीएसटी का भी बढ़ना लाजिमी है। किराना बाजार की बात करें तो दस दिन पहले थोक मार्केट में जो छुहारा 75 से 80 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा था जो अब बढ़कर 100 से 150 रुपये प्रति किलो तक हो गया है। वहीं फुटकर बाजार में इसका दाम अब बढ़कर 250 रुपये तक हो गया है।
इसी तरह सेंधा नमक की 50 किलो की बोरी 450 से बढ़कर 800 रुपये की हो गई है। फुटकर में इसके दाम 50 रुपये किलो तक हो गए हैं। पाकिस्तान से भारत में अखरोट भी आता है। हालांकि कश्मीरी अखरोट के मुकाबले वहां से आने वाला अखरोट दोयम दर्जे का है। स्थानीय कारोबारियों की माने तो पाकिस्तान से आने वाले अखरोट का बाजार में कोई खास असर नहीं है। थोक कारोबारी गिरधारी लाल ने बताया कि छुहारा और सेंधा नमक ही वहां से ज्यादा आता है। इसकी आवाजाही कम होने से दाम में बढ़ोत्तरी है।
हालांकि अब जाड़ा कम होने से छुहारे की खपत कम हुई है। लेकिन शिवरात्रि और उसके बाद नवरात्र में सेंधा नमक की डिमांड ज्यादा रहेगी। किराना कारोबारी दीपक केसरवानी के मुताबिक पाकिस्तान और टर्की से पोस्तादाना भी आता है। पोस्ता दाना का भी दाम थोड़ा बढ़ा है। पिछले सप्ताह थोक में 450 से 500 रुपये प्रतिकिलो मिलने वाला पोस्ता अब 550 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।