Prayagraj: One more arrested for taking bribe in constable recruitment
सिपाही भर्ती 2018 में मेडिकल पास कराने के लिए रिश्वत लेने के मामले में मंगलवार को एक और व्यक्ति गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी सूरज मिश्रा है और उसने भी अपने अभ्यर्थी दोस्त को मेडिकल पास कराने के लिए पीटीआई को 40 हजार रुपये दिए। पुलिस अफसरों का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी बुधवार को एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किए जाएंगे।
सिपाही भर्ती 2018 के मेडिकल के दौरान एक दिन पहले पुलिस लाइन में मेडिकल पास कराने के नाम पर रिश्वत लेने का खुलासा हुआ था। जिसमें जांच के बाद पीटीआई बृजेंद्र सिंह परिहार गिरफ्तार कर लिया गया था।
उसके खिलाफ कर्नलगंज थाने में भ्रष्टाचार अधिनियम का केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान मंगलवार को पुलिस ने संलिप्तता सामने आने पर सरायइनायत निवासी सूरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जांच पड़ताल में पता चला कि सूरज ने भी अपने दोस्त, जो सिपाही भर्ती में अभ्यर्थी है, को पास कराने के लिए पीटीआई को 40 हजार रुपये दिए। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि बुधवार को दोनों आरोपियों को वाराणसी स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डॉक्टर की भी भूमिका की जांच
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉक्टर पर भी सांठगांठ का आरोप लगा है, ऐसे में उनकी भी भूमिका की जांच की जा रही है। उधर इस मामले में अभ्यर्थी राघवेंद्र त्रिपाठी को भी आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मेडिकल में पास होने के लिए उसने रिश्वत दी जो भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत अपराध है।