जिले में डेंगू संक्रमितों की संख्या 609 पर पहुंच गई है। बुधवार को 44 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। एलाइजा जांच कराने वालों की संख्या जहां अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है, वहीं पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए प्लेटलेट्स की मारामारी मची है। मरीजों के तीमारदार ब्लड बैंकों के चक्कर काटते रहे। नए पॉजिटिव मरीजों की संख्या तीसरे दिन भी 40 के पार रहने से बुखार पीड़ितों में डेंगू का खौफ बढ़ा है।
बुधवार को जिन लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई, उनमें सभी नगर निगम सीमा क्षेत्र के रहने वाले हैं। डीएम की सख्ती के बाद नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग ने एंटी लार्वा छिड़काव में तेजी दिखाई। इसके बावजूद संक्रमितों की संख्या बढ़ते क्रम में है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आनंद सिंह के मुताबिक एसआरएन, बेली, कॉल्विन अस्पतालों सहित निजी चिकित्सालयों में डेंगू के 20 पुष्ट मरीज भर्ती हैं।
मलेरिया विभाग के मुताबिक बुधवार को शहर के सीमावर्ती फाफामऊ में एक, झूंसी में दो तथा पीएसी कॉलोनी नैनी में एक व्यक्ति की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नया कटरा, धूमनगंज के भोला का पुरवा,गोविंदपुर, तेलियरगंज तथा नया पुरवा में डेंगू के दो-दो संक्रमित चिह्नित हुए हैं। वहीं पुराना कटरा, दरभंगा कॉलोनी, सिविल लाइंस, राजापुर, कूपर रोड, जार्जटाउन के मालवीय रोड, करेली, ओम गायत्री नगर, तुलाराम बाग, प्रीतम नगर, नार्थ मलाका, मिटों रोड, चौका, सुलेम सराय, बड़ी बगिया और मुट्ठीगंज में एक-एक व्यक्ति में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है।
चांदपुर सलोरी, म्योराबाद, तेलियरगंज में रैली निकालकर किया जागरूक
मलेरिया विभाग की ओर से बुधवार को चांदपुर सलोरी, म्योराबाद, तेलियरगंज में संचारी रोगों से बचाव की जानकारी देने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल अफसर, स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं लोगों को पंफलेट देकर कूलर, टंकी, टायर, गमलों आदि स्थानों पर भरे पानी को साफ करने की अपील कर रहे थे। लोगों को बताया गया कि बदले मौसम में बढ़े मच्छरों से बीमारी न मिले, इसलिए पूरी बांह के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी जरूर लगाएं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आनंद सिंह ने बताया कि हर बुखार पीड़ित डेंगू संक्रमित नहीं है। डेंगू से डरने की नहीं एहतियात बरतकर डटकर मुकाबला करने की जरूरत है।