एयरफोर्स में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवक ने अवसाद के चलते बाग में फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया बुजुर्ग निवासी आशीष पटेल (19) पुत्र जेपी पटेल प्रयागराज में रहकर एयरफोर्स में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था।
कान की बीमारी होने के चलते वह अवसाद में चला गया। उसका इलाज परिजन प्रयागराज के एक चिकित्सक से करा रहे थे। इन दिनों आशीष घर पर ही रह रहा था। सोमवार की शाम वह घर से कहीं चला गया। काफी देर तक उसके न दिखने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। देर रात गांव से कुछ दूर बाग में उसका शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। इस पर परिजनों में चीखपुकार मच गई।
परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद सुबह उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। परिजनों के अनुसार बीते दो वर्षोँ से तैयारी करने के बाद भी सफलता नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान था। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
दबंगों ने युवक को पीटा, चार पर रिपोर्ट
दबंगों ने युवक के घर पर चढ़कर उसकी पिटाई कर दी। बीच बचाव करने पर उसके भाई को भी पीटा गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लियाॎ कै। हथिगवां थाना क्षेत्र के डीहा बैशन का पुरवा गांव निवासी भालेंद्र सिंह पुत्र दानपाल सिंह के घर पर रविवार को गांव के कुछ लोग आए और उसे गालियां देने लगे। इस पर उसने विरोध किया तो उसकी उन लोगों ने लाठी डंडों से पिटाई करनी शुरू कर दी।
शोर शराबे पर उसका भाई बालेंद्र ङ्क्षसह बीच बचाव के लिए आया तो उसे भी जमकर पीटा गया। इस दौरान गांव के अन्य लोगों के आ जाने के कारण वह लोग धमकाते हुए चले गए। पीड़ित की तहरी पर पुलिस ने रवी सिंह पुत्र रमेश सिंह, आदर्श सिंह पुत्र कमलेश सिंह, कमलेश, विमलेश सिंह पुत्रगण यशवंत सिंह पर मारपीट, गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रात में दुकान खोलने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रात में दुकान खोलने पर पुलिस ने दुकानदार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही दुकानदारों को रात के नौ बजे के बाद दुकान न खोलने की चेतावनी दी है। लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद लोगों ने इसे पूरी तरह से खत्म मान लिया। इसके बाद से दुकानें सुबह से लेकर रात तक खुलने लगीं।
इधर पुलिस ने कई बार रात के नौ बजे के बाद घर से बाहर निकलने और दुकानें न खोलने के लिए एनाउंसमेंट कराया था। बावजूद इसके सोमवार की रात में बाबूगंज बाजार में जमेठी निवासी सुनील कुमार मिश्र पुत्र राम सेवक ने दुकान खोल रखी थी। इसकी जानकारी होने पर पुलिस उसकी दुकान पर पहुंची और दुकान बंद कराई। इसके साथ ही उस पर धारा 144 के उल्लंघन सहित आपदा प्रबंधन का मुकदमा दर्ज किया।
जबरन बाइक उठा ले जाने की हुई शिकायत
हथिगवां थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव निवासी गुडान देवी पत्नी बृजेश ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि कुछ उसके घर से उसकी बाइक जबरन उठा ले गए। उसने मना किया तो उसके साथ गाली गलौज की गई। उसने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।