नवाबगंज के पलएं मोहल्ले में सोमवार रात विनोद कुमार साहू (38) की ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई। घटना दो दिन पूर्व हुए विवाद में अंजाम दी गई। विवाद को लेकर ही वह विपक्षियों से बातचीत करने पहुंचा था, तभी उस पर हमला बोल दिया गया। वह जान बचाकर भागा लेकिन उसे घेरकर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने मामले में सात लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। जिनमें से चार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विनोद पुत्र भाईलाल लकड़ी कटाई का कारोबार करता था। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले शराब पीने के दौरान उसकी गांव के ही उमेश से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट की नौबत आ गई लेकिन ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। पुलिस का कहना है कि सोमवार रात उसी विवाद को लेकर विनोद गांव में ही उमेश के घर के बाहर गया था।
इसी दौरान उमेश ने अपने साथियों को बुला लिया जिन्होंने विनोद पर ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। वह जान बचाकर भागा तो उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए, जिसमें वह गंभीर रूप से चोटिल हुआ। बेतहाशा पिटाई से वह अधमरा हो गया तो हमलावर उसे छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस व परिजन पहुंचे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजन बोले, घर से बुलाकर की हत्या
उधर, परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले गांव के ही कुछ लोगों से लकड़ी कटान को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी। सोमवार रात एक युवक विनोद को घर से बुलाकर ले गया। इसके बाद घर से 100 मीटर दूर एक पुलिया के समीप लाठी, डंडे और ईंट से हमलाकर उसे मौत के घात उतार दिया गया। हल्ला मचा तो वह घटनास्थल पर पहुंचे।
जहां विनोद मृत पड़ा मिला। भाई मनोज साहू की तहरीर पर गांव के उमेश उर्फ गुड्डू, राम शरण, बब्लू, अमर सिंह, विक्रमादित्य, राजू व गुड्डू के बहनाई के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।
मुख्या आरोपी पुलिस की हिरासत में है और घटना में नामजद तीन अन्य आरोपी भी पकड़ लिए गए हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है। अभिषेक अग्रवाल, एसपी गंगापार