एक ओर जहां देश में लोग मित्रता दिवस (03 अगस्त) सेलीब्रेट करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में बचपन के एक दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले हुए मामूली विवाद के बाद बृहस्पतिवार को आरोपी दोस्त अपने साथी को घर से बुलाकर ले गया। फिर शराब के नशे में चाकू घोंपकर जान ले ली। मामले में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
मेजा थानाक्षेत्र के कंजाैली गांव निवासी नागेश्वर नाथ जैसल (27) और आरोपी अवधेश जैसल बचपन के दाेस्त थे। ग्रामीणों की मानें तो गांव में दोनों की दोस्ती के चर्चे हुआ करते थे लेकिन बचपन की दोस्ती मामूली विवाद के बाद कब दुश्मनी में बदल गई, दूसरे को इसका आभास भी नहीं हुआ। तभी तो अवधेश के बुलाने पर नागेश्वर बिना कुछ सोचे उसके साथ चल पड़ा। आरोप है कि बाग में शराब पीने के बाद अवधेश ने दोस्त के सीने में चाकू से कई वार किए। इससे नागेश्वर वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और दम तोड़ दिया जबकि आरोपी दोस्त माैके से फरार हो गया।