सोमवार को पांच दिन बाद बादल झूमकर बरसे। दिन में कई बार रुक-रुककर करीब 21 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले सूरज के तेवर दिखाने से चिपचिपी गर्मी ने परेशान किया। तामपान बढा लेकिन लोगों को उमस भरी गर्मी से रात में राहत मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कुछ दिन मौसम नम रहेगा। मंगलवार को कुछ कम फिर तेज बारिश के आसार हैं।
सात दिन से डेरा जमाए बादल दिन में 12 बजे के बाद टुकड़ों में बरसना शुरू हुए। एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले तक क्रमश: कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश ने खूब भिगोया। कई दिन बाद हर तरफ पानी ही पानी दिखा। सोमवार को अधिकतम तापमान अचानक करीब दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 33 डिग्री पर पहुंच गया।
वहीं न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री लुढ़ककर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वातावरण में नमी उच्चतम स्तर पर बनी रही। आर्द्रता अधिकतम 100 और न्यूनतम 70 फीसदी रही। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में उतार चढ़ाव के साथ धूप-छांव का मौसम बना रहेगा। बारिश भी होगी।
फुटपाथ लबालब, गंदगी से परेशानी
सामान्य तौर पर हल्की बारिश के बाद शहर के हर मोहल्ले की पटरियों पर पानी लग गया। शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में ही सीमेंटेड फुटपाथ पर बारिश का पानी लग गया। हाल ही में बनाई गई एल्गिन रोड पर भी किनारे लबालब दिखे। मिश्र भवन चौराहा, बस शेल्टरों के सामने गंदगी के बीच भरा पानी परेशानी का कारण बना।
पुराने शहर के फुटपाथ भी लबालब रहे। निरंजन डॉट पुल के नीच थोड़ी देर के लिए पानी भरा। राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। अल्लापुर, सोहबतियाबाग, जार्ज टाउन, टैगोर टाउन, बैरहना, कीडगंज, दरियाबाद, हर्षवर्धन नगर, शास्त्री नगर, करेलाबाग, करेली, सुलेम सराय कॉलोनी, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम में भी जलभराव से लोग परेशान हुए। हल्की बारिश में ही गंदगी से पटी नालियां उफना गईं। पानी उतरा तो पटरियों पर गंदगी पसर गई। रानी मंडी और अतरसुइया इलाके में नारकीय स्थिति रही।
चक्रवाती हवाएं सक्रिय, अब तेज बारिश के आसार
मौसम विज्ञानी प्रो. एचएन मिश्रा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आने वाली चक्रवाती हवाएं सक्रिय हो गई हैं। बादलों के जमा होने से मानसूनी बारिश जोर पकड़ेगी। उन्होंने बताया कि उच्चतम और न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने और नमी का उच्चतम स्तर पर रहना तेज बारिश का संकेत है। अगले कुछ दिनों तक बारिश भिगोएगी। रुक-रुक कर कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश होगी।