शिवकुटी में एक दिन पहले राइस मिल संचालक गिरीश जायसवाल को गोली मारने के मामले में इंटर कॉलेज के लिपिक पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। वारदात के बाद से ही वह फरार है जिसका पता पुलिस 24 घंटे बाद भी नहीं लगा सकी। उधर, अस्पताल में भर्ती राइस मिल संचालक की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में एफआईआर घायल के भाई सतीश चंद्र जायसवाल की तहरीर पर दर्ज की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके मोहल्ले में ही उनकी दूर की रिश्तेदार शिक्षिका अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ रहती हैं। उसके फोन कर बुलाने पर रात 11 बजे के करीब उनके भाई गिरीश पहुंचे तो वहां मऊआइमा के तेजपुर निवासी अवधेंदु शेखर शुक्ला पहले से मौजूद था। देखते ही उसने गिरीश से गालीगलौज शुरू कर दी और जब तक वह कुछ समझ पाते, उन पर गोली दाग दी और फिर वहां से भाग निकला।
सूचना पर जब परिवारवाले पहुंचे तो रिश्तेदार महिला ने बताया कि आरोपी जबरन उसके घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर आरोपी वारदात के बाद से भागा हुआ है। उसकी तलाश में जुटी पुलिस को पता चला है कि वह सोरांव स्थित मेवालाल इंटर कॉलेज में लिपिक है और इसी कॉलेज के पास स्थित स्कूल में राइस मिल संचालक की रिश्तेदार महिला शिक्षिका हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उधर अस्पताल में भर्ती घायल राइस मिल संचालक की हालत दूसरे दिन भी गंभीर बनी रही।
असलहा लेकर कैसे खुलेआम घूमता रहा आरोपी
वारदात को लेकर शिवकुटी पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा न होता तो आखिर कैसे आरोपी खुलेआम असलहा लेकर घूमता रहा। वह भी तब जब रात में पेट्रोलिंग के लिए बकायदा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगती है। उधर पांच दिन पहले हुई वाणिज्यकर कर्मचारी रमेश प्रसाद सरोज की गैरइरातदन हत्या के मामले में नामजद संग्रह अमीन बृजेश को भी शिवकुटी पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।