शिवकुटी थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र का कार से अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। छात्र पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित छात्र के पिता सचिन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
शिवकुटी थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र का कार से अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। छात्र पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित छात्र के पिता सचिन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
सचिन कुमार ने एफआईआर में बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा प्रांजल प्रकाश तेलियरगंज स्थित एक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह स्कूल से घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व छात्र शोभित मिश्रा, देवांश ठाकुर और शाश्वत शुक्ला अपने अन्य साथियों के साथ एक कार से पहुंचे और उसे जबरन अंदर बैठा लिया।
बताया कि उक्त आरोपी बेटे को अपट्रॉन पुल के नीचे ले गए, जहां कार को लॉक कर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उस पर झूठे आरोप लगाते हुए गालीगलौज की गई। आरोपियों ने पिस्टल तानकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी और जबरन उसका मोबाइल लेकर मारपीट का वीडियो भी बनाया।
विज्ञापन
घटना के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने घर पर या पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मारकर लाश गायब कर देंगे। इसके बाद आरोपी उसे गोविंदपुर चौराहे के पास छोड़कर भाग निकले। घटना के बाद बेटे ने अपने दोस्त रुद्रांश साह को फोन किया, जो स्कूटी से मौके पर पहुंचा और उसे घर ले आया। बताया कि घटना में बेटे की आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। शिकायत में बताया कि आरोपियों का पहले भी प्रांजल से विवाद हो चुका है और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।