कानपुर में दो दिन पहले हिस्ट्रीशीटर को दबोचने गई पुलिस टीम पर हमले और उसमें सीओ, एसओ, चौकी इंचार्ज समेत कुल आठ पुलिसकर्मियों की शहादत को लेकर सोशल मीडिया फेसबुक पर एक महिला को अभद्र टिप्पणी करना भारी पड़ गया।
शनिवार को अभद्र टिप्पणी करने वाली महिला को क्राइम ब्रांच ने हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि पूरे मामले में सात साल से कम की सजा होने के कारण उसे थाने से ही छोड़ दिया गया।
झूंसी के हवेलिया इलाके में एक बेवा अपने बच्चों और मां-बाप के साथ रहती है। शुक्रवार को उक्त महिला ने सोशल मीडिया के अपने फेसबुक एकाउंट से कानपुर में दो दिन हुए जघन्य वारदात को लेकर पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी की थी। उसने पूरी वारदात को लेकर शातिर अपराधी और पुलिसकर्मियों के कातिल विकास दुबे के समर्थन में पोस्ट किया था।
इसी बीच शनिवार को क्राइम ब्रांच की आईटी सेल की नजर महिला के पोस्ट पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में क्राइम ब्रांच ने झूंसी पुलिस के साथ हवेलिया इलाके में दबिश देकर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। हालांकि कुछ घंटे बाद उसे थाने से ही जमानत दे दी गई।