इविवि की वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाओं पर जल्द ही निर्णय होेगा। इसके लिए 15 जून को इविवि की परीक्षा समिति की बैठक बुलाई गई है। छात्र भी लगातार मांग कर रहे हैं कि इविवि प्रशासन परीक्षाओं को लेकर जल्द ही स्थिति स्पष्ट करे। इसके लिए छात्रों के विभिन्न संगठनों की ओर से कुलपति को कई बार ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं।
हालांकि, पूर्व में इविवि प्रशासन ने परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया था, जिसके अनुसार एक जुलाई से वार्षिक परीक्षाएं और 16 जुलाई से सेमेस्टर परीक्षाएं कराए जाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी गई और इविवि प्रशासन को अपना प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
इस बीच यही तय हो सका है कि पहले स्नातक एवं परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कराई जाएंगी, ताकि जो छात्र-छात्राएं किसी अन्य शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेना चाहते हैं या उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म भर रखे हैं, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इससे परीक्षाओं के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी आसानी से हो सकेगा।
साथ ही स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं के आयोजन को लेकर भी खाका तैयार किया जाएगा। इसके अलावा कुछ दिनों पहले ही बार कौंसिल ऑफ इंडिया की ओर से इविवि को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि बीएएलएलबी और एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन परीक्षा कराई जाए और बाकी छात्रों को पिछली वर्ष की परीक्षा में प्रदर्शन और मौजूदा सत्र में आंतरिक मूल्यांकन में मिले अंकों के आधार पर अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाए।
इविवि की 15 जून को होने वाली परीक्षा समिति की बैठक में इन सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा और इसके बाद परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। बैठक में यह चर्चा भी होगी कि उपलब्ध संसाधनों में ऑनलाइन परीक्षा कराई जा सकती है या नहीं। साथ ही परीक्षा समिति के लिए संघटक कॉलेजों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा का आयोजन कराना भी बड़ी चुनौती होगी।