गणेश महोत्सव के विसर्जन यात्रा में शनिवार शाम को अरैल मोड़ से बांध रोड जाने वाले मार्ग पर स्थित मुरादपुर के पास किसी अराजक तत्व द्वारा पत्थर फेंके जाने के बाद हंगामा शुरू हो गया। दूसरे समुदाय के युवक द्वारा पत्थर फेंके जाने की सूचना पर पास के मोहल्ले के लोग भी पहुंच गए। वहीं हंगामे की सूचना पर एसीपी करछना व नैनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि अश्लील हरकत किए जाने के कारण हंगामा हुआ। शनिवार शाम को नैनी चक रधुनाथ शंकर ढाल पर आयोजित गणेश महोत्सव के समापन पर शनिवार को बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए मूर्ति विसर्जन पर जा रहे थे। विसर्जन यात्रा मुरादपुर के पास पहुंचे थी कि वहां पर किसी ने यात्रा में पत्थर फेंक दिया। दूसरे समुदाय के किसी बच्चे द्वारा पत्थर फेंके जाने का यात्रा में शामिल लोगों ने विरोध किया तो आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। वहीं इसकी जानकारी पर पास मोहल्ले से दर्जनों की संख्या में लोग यात्रा में पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर नैनी पुलिस पहुुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर जुलूस को आगे बढ़ाया। वहीं कुछ देर में एसीपी करछना भी पहुंच गए। नैनी पुलिस का कहना है कि किसी बच्चे द्वारा अश्लील हरकत किए जाने के कारण हंगामा शुरू हुआ था। कमेटी के अध्यक्ष अभय गुप्ता की ओर से किसी तरह की कोई कार्रवाई न करने की तहरीर दी गई है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कुछ बच्चे अश्लील हरकत कर रहे थे। जिसका यात्रा में शामिल लोगों ने विरोध किया था। वहीं, एसीपी करछना अरुण त्रिपाठी का कहना है कि किसी तरह का कोई हंगामा नहीं हुआ है।