रंगदारी मांगने और धमकाने के मामले में पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके गुर्गों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे एक बार यह फिर सवाल उठने लगा है कि क्या अतीक अहमद का सिक्का अहमदाबाद जेल से भी चल रहा है। दरअसल बमरौली निवासी जैद ने अतीक अहमद और उसके के 5 गुर्गों पर मुकदमा लिखाया है। घटना जिस वक्त की बताई जा रही है उस वक्त अतीक अहमद अहमदाबाद जेल में बंद था।
गुजरात के अहमदाबाद जेल में बंद पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ बमरौली निवासी प्रॉपर्टी डीलर जैद खालिद ने मुकदमा दर्ज कराया है।
धूमनगंज थाने में दर्ज मुकदमे में अतीक अहमद, उनके ड्राइवर मो. उमर उर्फ मक्खी व आशिक उर्फ मल्ली, अली अहमद और सद्दाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जैद खालिद को अगवाकर देवरिया जेल ले जाया गया था, जहां उसकी अतीक ने पिटाई की थी। अब उसी मुकदमे को वापस लेने के लिए प्रापर्टी डीलर पर दबाव बनाया जा रहा है। घटना 22 नवंबर 2019 की बताई जा रही है। आरोप है कि 22 नवंबर 2019 को वह अल्का विहार कालोनी स्थित ससुराल गया था।
साथ में उसका बहनोई सुफियान भी था। सब लोगों ने उसे जबरन एक गाड़ी में बैठा लिया और कुछ दूर ले जाकर जेल में बंद अतीक अहमद से बात कराई। पूर्व सांसद ने उसे धमकाया और 15 लाख रुपया चकिया स्थित कार्याल पर दो दिन के भीतर पहुंचाने के लिए कहा। पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी की। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी बृज नारायण का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।