अशरफ को 24 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर पुलिस गुरुवार को जेल से ले आई। उससे घंटों कई टीमों ने पूछताछ की। फरारी के दौरान उसके खिलाफ जितने भी मुकदमे दर्ज थे, उनके बारे में पुलिस ने अशरफ से पूछताछ की। कस्टडी रिमांड अशरफ की लाइसेंसी पिस्टल बरामद करने के लिए मिली थी लेकिन देर रात तक पुलिस पिस्टल बरामद नहीं कर पाई थी। फरारी के दौरान मददगारों से लेकर उसके सफेदपोश सहयोगियों के बारे में भी तहकीकात की गई। अशरफ की कस्टडी रिमांड शुक्रवार सुबह 10 बजे तक के लिए है।
न्यायालय ने बुधवार को ही अशरफ की कस्टडी रिमांड की मंजूरी दे दी थी। गुरुवार सुबह पुलिस अशरफ को नैनी जेल से पूछताछ के लिए ले आई। अशोक के खिलाफ तमाम ऐसे मुकदमे हैं, जिसमें उसका नाम विवेचना के दौरान आया था। कई ऐसे भी मुकदमे हैं, जो उसकी फरारी के दौरान दिखाए गए थे। उन सब के बारे में पुलिस पूछताछ में जुटी रही। धूमनगंज, खुल्दाबाद, सिविल लाइंस आदि थानों की अलग-अलग टीमों ने मुकदमों के बारे में पूछताछ की। एसपी सिटी दिनेश सिंह और सीओ सिविल लाइंस बृज नारायण सिंह की अगुवाई में टीमों ने तहकीकात की।
अशरफ के पास लाइसेंसी पिस्टल थी। जिसका लाइसेंस 6 मार्च 2017 को निरस्त कर दिया गया था। निरस्तीकरण के बाद भी अशरफ ने पिस्टल जमा नहीं की थी। इसके बाद वह फरार हो गया। तीन साल तक न अशरफ का पता चल पाया न ही पिस्टल का। पिस्टल न जमा करने पर उसके खिलाफ धूमनगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया था।
इसी मुकदमे में अशरफ की डिमांड मिली है। पुलिस ने उससे पिस्टल के बारे में पूछताछ की। उसने बताया कि वह फरार हुआ तो न पिस्टल ले गया न ही मोबाइल। कई टीमों ने अलग-अलग तरीके से उससे पूछताछ की कि वह पिस्टल के बारे में बता दे लेकिन अशरफ ने देर रात तक कुछ भी नहीं बताया था। अशरफ के खिलाफ धमकाने के भी काफी मामले दर्ज हैं। सब के बारे में पूछताछ की गई।
फरारी के बाद अशरफ कहां कहां रहा, किसने किसने उससे ठहरने और पैसों की मदद की, कौन-कौन लोग सफेदपोश उसके आर्थिक सहयोगी हैं। इन बिंदुओं पर भी टीमों ने अशरफ से जानकारी ली। अवैध वसूली और जमीनों के कारोबार के बारे में भी उससे पूछा गया। पूछा गया कि उसकी अनुपस्थिति में कौन उसका काम यहां पर देखता था।
एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि अशरफ से अलग-अलग मुकदमों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है जिस पर काम किया जा रहा है।
एसटीएफ ने भी की पूछताछ
प्रयागराज। अशरफ से एसटीएफ की टीम ने भी घंटों पूछताछ की। अशरफ के खिलाफ कई ऐसे मामले हैं जिसकी जांच एसटीएफ ने भी की थी। एसटीएफ की टीम ने उन मुकदमों के बारे में अशरफ से पूछताछ की।