लोकसभा चुनाव से पहले नगर निगम चुनाव में मिली रिकार्ड जीत से भाजपा में उत्साह है तथा महापौर निर्वाचित गणेश केशरवानी के शपथ ग्रहण समारोह को भी यादगार बनाने की तैयारी है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद ही समारोह की तारीख तय होने की बात कही जा रही है।
भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेताओं की सोमवार को बैठक होगी। उसमें शपथ ग्रहण समारोह के प्रारूप पर मंथन होगा। फिलहाल गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर समारोह कराने की योजना है। भाजपा की सोमवार की बैठक में इस पर मुहर लग जाएगी। समरोह में कौन-कौन प्रमुख नेता शामिल होंगे इस पर भी निर्णय होगा।
एक नेता के अनुसार एक बार फिर प्रयागराज में ट्रिपल इंजन की सरकार है और अगले साल लोकसभा चुनाव है तो 2025 में महाकुंभ। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह में महाकुंभ-2025 की भव्यता को लेकर शोर भी सुनाई देगा। यदि मुख्यमंत्री ने समारोह में आने की सहमति दे दी तो उनकी ओर से इस मौके पर महाकुंभ की बाबत कोई बड़ी घोषणा भी की जा सकती है। इसके अलावा भी कई बिंदु तैयार किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से पार्टी गणेश के शपथ ग्रहण समारोह से ही बड़ा संदेश देना चाहती है।
महापौर निर्वाचित गणेश केशरवानी का कहना है कि आयोजन गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर संभावित है। मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री के अलावा कई अन्य नेता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की सहमति के अनुसार ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय की जाएगी।
गणेश से आज मिलेंगे निगम के अफसर
नव निर्वाचित महापौर की सलाह एवं शासन के निर्देश पर नगर निगम सदन के पदेन सचिव नगर आयुक्त शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय करेंगे। हालांकि, अभी सदन भंग है और डीएम प्रशासक हैं। ऐसे में डीएम की ओर से इसकी घोषणा की जाएगी। रविवार को अवकाश रहा। ऐसे में चुनाव के बाद सोमवार को नगर निगम खुलेगा। सोमवार को ही नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक होगी।
परंपरा के अनुसार नगर आयुक्त की अध्यक्षता में निगम के अफसर नव निर्वाचित महापौर से मुलाकात करेंगे। इस दौरान शपथ ग्रहण समारोह समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा होगी। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग का कहना है कि समारोह की तारीख एवं स्थल का चयन निर्वाचित महापौर के सलाह पर होगा। परंपरा एवं शासन के निर्देश के तहत सभी आयोजन होंगे।
अभिलाषा सौंपेंगी गणेश को गदा, कमिश्नर दिलाएंगे शपथ
परंपरा के तहत नव निर्वाचित महापौर गणेश केसरवानी एक विशेष तरीके के गाउन को पहनकर शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ मंडलायुक्त दिलाएंगे। इसी क्रम में निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता उन्हें गदा सौंपेंगी। इसके लिए गाउन को साफ कराने के साथ गदा को भी चमकाया गया है।
सदन में बढ़ जाएंगे 22 पार्षद, बढ़ाई गईं 28 सीटें
नगर निगम सीमा के विस्तार के बाद पहली बार चुनाव हुआ। ऐसे में 20 वार्ड बढ़ गए हैं। इसके अलावा बीते कार्यकाल में मनोनित पार्षदों की संख्या 10 थी, लेकिन अब 12 पार्षद चुने जाएंगे। इस तरह से सदन में 22 पार्षद बढ़ जाएंगे। इसलिए पार्षदों के लिए सदन में 22 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके अलावा अफसरों के लिए भी छह सीटें लगाई गईं हैं।