गृहकर की दरों में पांच गुना प्रस्तावित वृद्धि की बजाय हो 10 फीसदी की वृद्धि
प्रयागराज। सिविल लाइंस में पार्किंग का मामला सुलझने के बाद सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मेयर अभिलाषा गुप्ता से मुलाकात की। व्यापारियों ने मुलाकात के दौरान एमजी मार्ग में पार्किंग की दरें कम करने के लिए उन्हें धन्यवाद किया। इस दौरान व्यापारियों ने जनहित में गृहकर की दर दस फीसदी की वृद्धि किए जाने की मांग की।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा और महामंत्री शिवशंकर सिंह के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचे व्यापारियों ने महापौर को ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन के माध्यम से कहा कि गृहकर की दरों में वृद्धि के संबंध में नगर निगम प्रशासन एक बार फिर से विचार करें। क्योंकि गृहकर की दरों में पांच गुना की वृद्धि प्रस्तावित है। जो अव्यवाहरिक है। यदि प्रस्तावित दरें लागू की जाती है तो पूरे उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की गृहकर दरें सबसे अधिक होगी। इस वजह से प्रयागराज के हर वर्ग के लोगों को आर्थिक चोट पहुंचेंगी। इसलिए जनहित में गृहकर की दरों में केवल दस फीसदी की वृद्धि होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान इंदर मध्यान, विशाल कनौजिया आदि मौजूद रहे।