छापर गांव में मंगलवार की रात घर के बाहर बाउंड्रीवाल के अंदर सो रहे वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। जब आसपास के लोगाें को जानकारी हुई तो उन्होंने परिजनों एवं पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर जिले स्तर के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोरांव थाना क्षेत्र के छापर गांव निवासी भागीरथी पाल उर्फ मुखिया (65) अपने घर में अकेले थे। मंगलवार की रात घर के बाहर बांउड्रीवाल के अंदर सो रहे थे। रात में घर में घुसे बदमाशों ने वृद्ध की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। सुबह जब आसपास के लोगों वृद्ध का शव देखा तो घटना की सूचना परिजनों एवं कोरांव पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोरांव पुलिस ने मामले की जांच की।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मेजा, पुलिस अधीक्षक यमुनापार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रयागराज समेत सर्किल की चारों थानों की फ ोर्स मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वायड भी प्रशासन द्वारा बुलाई गई। मृतक के दो पुत्र हैं एक गुजरात एवं एक गोवा में रहता है। पिता की हत्या की सूचना मिलते ही दोनों अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
घर में पहले हो चुका है चोरी का प्रयास
मृतक भागीरथी पाल के दोनों बेटे गेंदालाल व मोहनलाल पाल दूसरे राज्य में रहते हैें और कभी-कभी ही गांव आते हैं। मृतक की पत्नी की आठ साल पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में वे अपने घर में अकेले ही रहते थे। इससे पहले भी घर में एक बार चोरी का प्रयास हो चुका है। ग्रामीणों में चर्चा है कि घर में चोरी करने के इरादे से घुसे लोगों ने ही बुजुर्ग की हत्या की है।