प्रयागराज छिवकी के रास्ते चलेगी कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन
रेल प्रशासन ने प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के रास्ते कन्याकुमारी-बनारस विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन कन्याकुमारी से तीन दिसंबर को और बनारस से नौ दिसंबर को चलेगी।
गाड़ी-06051 कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन तीन दिसंबर को कन्याकुमारी से दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन तीसरे दिन दोपहर 3:00 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी और 3:05 बजे प्रस्थान करेगी। यह उसी रात 8:00 बजे बनारस पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी-06052 बनारस-कन्याकुमारी विशेष ट्रेन नौ दिसंबर, को बनारस से रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह दूसरे दिन तड़के 2:45 बजे छिवकी पहुंचेगी और 2:50 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन चौथे दिन सुबह 6:30 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी।
इस विशेष गाड़ी में 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें पांच वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, दस वातानुकूलित तृतीय इकॉनमी श्रेणी और तीन शयनयान श्रेणी के कोच शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, दो जनरेटर सह लगेज यान भी होंगे। यह ट्रेन नागरकोविल, तिरुनेलवेली, मदुरै, चेन्नै एषुंबूर (एग्मोर), विजयवाड़ा, जबलपुर और सतना जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।