इलाहाबाद टेंट डेकोरेटर्स एंड कैटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने शादी में 100 से अधिक लोगों को शामिल होने की अनुमति दिए जाने की मांग की है। गेस्ट हाउस के क्षेत्रफल के अनुपात में शादी में लोगों को शामिल होने की अनुमति और इस बाबत गाइडलाइन तैयार करने समेत नौ सूत्रीय मांग का प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी कलक्ट्रेट में सौंपा।
मंगलवार को जुलूस बनाकर कलक्ट्रेट पहुंचे एसोसिएशन के सदस्यों ने रात्रि में भी बंदी हटाने की मांग की। उनका कहना था कि मार्च से ही सबकुछ बंद है। इसकी वजह से उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
उनका कहना था कि बाजार तो खोल दिए गए हैं, लेकिन अभी कई तरह की पाबंदियां हैं। शादी में 100 से अधिक लोगों को शामिल करने की अनुमति नहीं है। इससे गेस्ट हाउस की बुकिंग नहीं हो पा रही। रात में 10 से सुबह पांच बजे तक बंदी की वजह से भी समस्या है ।
उन्होंने शादी में अधिक लोगों को अनुमति देने के साथ रात में बंदी को लेकर भी गाइडलाइन जारी करने की मांग की, जिसमें उनके हितों का ध्यान रखा जाए। उनका कहना था कि 25 नवंबर से शादियां शुरू होंगी। इसे ध्यान में रखकर इस पर जल्द निर्णय लिया जाए। ताकि, वह बुकिंग कर सकें। प्रयागराज लाइट एंड साउंड बैंड एसोसिएशन के अजय कुमार, सुजीत यादव, अभिषेक यादव ने मांग की कि दशहरा और दुर्गापूजा में भी बैंड बजाने की अनुमति दी जाए।
टेंट डेकोरेटर्स एंड कैटर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मांगें
0 गेस्ट हाउस के क्षेत्रफल के अनुसार शादी में लोगों की संख्या हो तय
0 एक अप्रैल से 31 दिसंबर के बीच सभी तरह के बैंक ब्याज माफ हों
0 सभी तरह के ऋण किस्त जमा करने की छूट 31 दिसंबर तक दी जाए
0 बैंकों की ओर से की जा रही वसूली पर छह महीने तक रोक लगे
0 जीएसटी दर 18 से घटाकर पांच प्रतिशत हो। इनकम टैक्स में छूट हो
0 टेंट, गेस्ट हाउस, कैटरर्स को मिले उद्योग का दर्जा। मिले क्रेडिट कार्ड
0 रात में 10 से सुबह पांच बजे के लाकडाउन में भी दी जाए छूट