7.5 लाख की चोरी में नौकरानी का बेटा था शामिल, गिरफ्तार
करछना में हुई वारदात का खुलासा, दो अन्य भी पकड़े गए
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। करछना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर 7.5 लाख की चोरी का खुलासा हो गया है। इस वारदात को नौकरानी के बेटे ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने एक साथी समेत उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी के गहनों को खरीदने वाले सराफ को भी जेल भेज दिया है।
घटना तीन मई को करछना के पनासा गांव में हुई थी। यहां रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंद्रा पांडेय के घर से सात लाख के गहने व 50 हजार नकद चोरी कर लिए गए थे। उनका बेटा निशांत दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है और घटना के वक्त पूरा परिवार बाहर गया था। छह मई को वापस आने पर घटना की जानकारी हुई थी। पुलिस ने बताया कि सुरागरशी के दौरान पनासा के ही हिमांशु पांडेय का नाम सामने आया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने घटना में संलिप्तता कबूल ली। बताया कि उसकी मां भुक्तभोगी के मकान में घरेलू काम करती है। ऐसे में आने जाने के दौरान ही उसे जानकारी हो गई थी कि घर में पुराने कीमती गहने व नकदी रखी हुई है। ऐसे में पूरे परिवार के बाहर जाने की जानकारी मिलते ही उसने गहने व नकदी उड़ा दिए। गहनों को बिकवाने के लिए उसने मेजा निवासी अपने साथी संजीत पाल से संपर्क किया जिसने उसे सिरसा बाजार मेजा निवासी सराफ विश्वनाथ सोनी से मिलवाया। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि हिमांशु के कब्जे से सोने की एक करधनी और अंगूठी बरामद की गई। जबकि सराफ से दो अंगूठियां बरामद हुईं। यह सभी गहने चोरी किए गए थे। े