कोरोना के खतरे के चलते सतर्कता बरतना जायज है। लेकिन इसका खौफ कुछ इस कदर लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है कि वह अच्छे भले इंसान को भी शक की निगाह से देख रहे हैं। ऐसा ही झूंसी में रहने वाले एक परिवार के साथ हुआ। मुखिया के क्वारंटीन होने पर परिवार का दाना-पानी बंद कर दिया गया। यही नहीं बच्चों का घर से निकलने पर भी पाबंदी लगा दी गई। बाद में महिला ने ट्विटर पर सीएम से गुहार लगाई तब जाकर पुलिस के हस्तक्षेप पर परिवार को राहत मिली।
राजेश कुमार श्रीवास्तव झूंसी के सरायतकी कॉलोनी के रहने वाले हैं। वह नौकरी के सिलसिले में महाराष्ट्र में रहते थे। करीब 10 दिन पहले उनकी तबियत अचानक बेहद खराब हो गई। परिचितों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जांच पड़ताल के दो दिन बाद डॉक्टरों ने उन्हें एंजियोग्राफी कराने को कहा। बगैर परिवार के यह संभव नहीं हो पाता, इसलिए ई पास जारी कराने के बाद उन्हें प्राइवेट वाहन से महाराष्ट्र से शहर लाया गया। यहां आने के बाद राजेश व उन्हें लेकर आए दो ड्राइवर एसआरएन पहुुंचे। पत्नी अर्चना ने बताया कि यहां उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। जिसमें राजेश व एक ड्राइवर की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिसके बाद राजेश घर चले आए। कुछ देर बाद अस्पताल से फोन आया कि उन्हें फौरन अस्पताल आना होगा।