800 करोड़ से प्रयागराज, कौशाम्बी का होगा कायापलट
राजकीय पब्लिक लाइब्रेरी में आयोजित प्रयागराज गौरव अनुभूति कार्यक्रम में बोले डिप्टी सीएम
प्रयागराज से जुड़ेेंगे कौशांबी के महत्वपूर्ण बौद्ध और जैन स्थल
एयरपोर्ट से भी होगी सीधी कनेक्टिविटी, बेगम बाजार के पास बनेगा नया आरओबी
प्रयागराज। कुंभ मेले में हुए तमाम विकास कार्यों के बाद प्रयागराज की झोली एक बार फिर से भरने जा रही है। बुधवार को राजकीय पब्लिक लाइब्रेरी में प्रयागराज गौरव अनुभूति आयोजन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज और कौशांबी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 800 करोड़ रुपये दिए जाने का एलान किया। कहा कि इस रकम से इन दोनों ही जिलों की सूरत और निखरेगी। उन्होंने कौशांबी जिले के सभी बौद्ध एवं जैन स्थलों की प्रयागराज से सीधी कनेक्टिविटी करने की भी बात कही।
प्रयागराज गौरव अनुभूति आयोजन समिति की ओर से आयोजित राजकीय पब्लिक लाइब्रेरी में विधानमंडल की आठ जनवरी 1887 को हुई पहली बैठक के 133 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने कहा कि इस रकम से कई कार्य कराए जाएंगे। प्रयागराज एयरपोर्ट के निकट रेल ओवर ब्रिज का निर्माण करवाने के साथ एयरपोर्ट से कौशांबी के लिए फोर लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। एयरपोर्ट से कौशांबी जिले की एतिहासिक धरोहर को भी जोड़ने की योजना है। वहां के सभी बौद्ध एवं जैन धर्म से जुड़े स्थलों की कनेक्टिविटी प्रयागराज से की जाएगी। इसके अलावा प्रयागराज और कौशांबी में जहां भी आरओबी की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर उसका निर्माण करवाया जाएगा।
कार्यक्रम में पश्चिमी बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने भी पहली विधानमंडल की बैठक होने के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने वर्ष 2003 में पब्लिक लाइब्रेरी में हुए विधानमंडल की बैठक के भी संस्मरण साझा किए। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद केशरी देवी पटेल, मेयर अभिलाषा गुप्ता, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, महानगर अध्यक्ष गणेश केशरवानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।