एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने शनिवार को सिविल लाइंस थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान परेड न कर पाने पर उन्होंने इंस्पेक्टर व दरोगाओं को दौड़ लगवाई। यही नहीं मुकदमों संबंधित पर्चे लेकर गायब होने वाले दरोगाओं पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
एडीजी दोपहर में सिविल लाइंस थाने पहुंचे। यहां उन्होंने मालखाना, कार्यालय व सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। मालखाने में रखे सामान के निस्तारण संबंधी निर्देश दिए, साथ ही ई कोर्ट एप भी डाउनलोड कराया। टॉप 10 व सक्रिय अपराधियों का रिकॉर्ड देखा। साथ ही त्रिनेत्र एप के प्रयोग की भी जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मातहतों की फिटनेस परखने के लिए उन्होंने परेड कराने को कहा तो सभी इधर-उधर देखने लगे। जिस पर उन्होंने थाना परिसर में ही इंस्पेक्टर व दरोगाओं को दौड़ लगवा दी। बड़ी संख्या में विवेचना लंबित होने का कारण पूछने पर पता चला कि कई दरोगा मुकदमे संबंधित पर्चे भी अपने साथ ले गए। जिस पर उन्होंने इन दरोगाओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए। एडीजी जोन ने बताया कि जो भी कमियां मिलीं, उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य थानों का भी निरीक्षण किया जाएगा।
कोरोना से बचाव के लिए अनूठी पहल
निरीक्षण के दौरान एडीजी जोन ने थाने पर कोविड रजिस्टर बनवाया जिसमें रोजाना पल्स ऑक्सीमीटर व थर्मल स्कैनिंग कर हर पुलिसकर्मी का रिकॉर्ड दर्ज करने के निर्देश दिए। बताया कि इससे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग हो सकेगी। इसके अलावा वेबिनार के माध्यम से डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी के 18 प्रशिक्षु आईपीएस अफसरों को थानों के निरीक्षण का प्रशिक्षण भी दिया। करीब 1.20 मिनट तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आईपीएस अफसरों को कई अहम बातों की जानकारी दी गई।