संपत्ति क्षति दावा अधिकरण और शिक्षा अधिकरण लखनऊ में बनाने का विरोध कर रहे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को प्रयागराज के सभासदों का भी साथ मिल रहा है।
मंगलवार को सभासदों और बार पदाधिकारियों की बैठक में इस बात पर सहमति बनी की प्रयागराज की अस्मिता और गरिमा को बचाने के लिए सभी लोग मिलकर संघर्ष करेंगे। बैठक की अध्यक्ष बार के अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह और संचालन महासचिव प्रभाशंकर मिश्र ने किया।
बैठक में मौजूद सभासदों का कहना था कि सरकार के मनमाने रवैये के खिलाफ वह तन, मन, धन से हाईकोर्ट बार के साथ हैं। क्योंकि यह सिर्फ वकीलों की नहीं प्रयागराज की गरिमा और अस्मिता की लड़ाई है।
शिक्षा और दावा अधिकरण प्रयागराज में नहीं बनने से यहां के व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों का भी नुकसान है।इसके खिलाफ लोकतांत्रिक और विधिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा। अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि सरकार सत्ता का केंद्रियकरण और चंद अधिकारियों के इशारे पर ऐसा कर रही है। उन्होंने जात पात और राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रयागराज के लिए संघर्ष करने की अपील की।
बार के महासचिव प्रभाशंकर मिश्र ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए प्रयागराज और इलाहाबाद हाईकोर्ट की गरिमा बचाने की अपील की।
बैठक में कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा अजय यादव, रमेश मिश्र, कमलेश सिंह, शिवसेवक सिंह, अनीस अहमद, अशोक कुमार सिंह, आनंद घिडिल्याल, रतन कुमार दीक्षित, रंजन कुमार प्रजापति, मो. आजम, दीपक कुशवाहा, अनिल कुमार सिंह कुशवाहा, सरस्वती देवी, रोचक दरबारी, फजल खान, विनोद सोनकर, अखिलेश कुमार सिंह, नितिन यादव, लालती देवी, निक्की कुमारी, मीरा देवी, सरदार अमरजीत सिंह, शिव कुमार, भोला तिवारी, ओमप्रकाश द्विवेदी आदि सभासदगण मौजूद थे।