क्षेत्र के असवां गांव में शुक्रवार रात आई बरात में दूल्हे के चचेरे भतीजे को बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगते ही बरात में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना पर जंघई पुलिस मौके पर पहुंच घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां से चिकित्सकों ने शहर रेफर कर दिया। क्षेत्र के असवां गांव निवासी रमाशंकर तिवारी की पुत्री रूची तिवारी की शादी बदलापुर के ऊदपुर (गेल्हवा) गांव निवासी सत्यनारायण के पुत्र चंदन पाण्डेय के साथ 21 मई को तय हुई थी।
दरवाजे पर आई बारात में द्वारचार का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान दूल्हे का चचेरा भाई सुशांत उर्फ शोले दूल्हे की गाड़ी चला रहा था। बताया कि द्वारचार के बाद दो बाइक सवार पहुंचे युवकों ने तमंचे से उसके कमर में गोली मारकर फरार हो गए। लोगों द्वारा पीछा करने के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। थानाध्यक्ष मीरगंज श्रीप्रकाश राय, जंघई चौकी इंचार्ज हरिनारायण पटेल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया। शनिवार की सुबह बारात बिदा होने के बाद दूल्हे के भाई आनंद पांडेय की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।