बीजेपी महिला मोर्चा काशी क्षेत्र में शामिल प्रयागराज की छह नेता।
- फोटो : prayagraj
भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की टीम में इस बार प्रयागराज से पार्टी की कई महिला नेताओं को पदाधिकारी बनाया गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया द्वारा जारी की गई 29 सदस्यीय कार्यकारिणी में चार पदाधिकारी प्रयागराज महानगर एवं एक-एक गंगापार और यमुनापार से चुनी गई हैं। खास बात यह है कि वाराणसी महानगर और जिले से भी छह महिला पदाधिकारियों के नाम की घोषणा हुई है। इस तरह से काशी क्षेत्र महिला मोर्चा में अब प्रयागराज और वाराणसी से कुल छह-छह महिला पदाधिकारी शामिल की गई हैं।
प्रयागराज महानगर से अर्चना शुक्ला को काशी क्षेत्र का उपाध्यक्ष घोषित किया गया है। इसके पूर्व अर्चना काशी क्षेत्र में मंत्री पद का दायित्व संभाल चुकी हैं। प्रयागराज महानगर से ही गीता विश्वकर्मा को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा वंदना सिंह भी यही दायित्व सौंपा गया है। पार्टी ने प्रयागराज महानगर से वर्षा जायसवाल को काशी क्षेत्र महिला मोर्चा का मीडिया प्रभारी बनाया है। वहीं यमुनापार से कुसुम केसरवानी और गंगापार से प्रिया प्रजापति को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। इन सभी महिला पदाधिकारियों को पार्टी नेताओं ने बधाई दी है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने प्रयागराज को महिला मोर्चा की टीम में सम्मानजनक स्थान दिए जाने पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। बधाई देने वालों में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, रमेश पासी, राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक, गिरजेश मिश्रा, सुभाष वैश्य, राजन शुक्ला, बृजेश मिश्रा आदि रहे। ब्यूरो