जारी हुई समय सारिणी, एक मार्च से शुरू हो जाएगी गाजीपुर डीएमयू
0 दो वर्ष से बंद चल रहा है गाजीपुर डीएमयू का संचालन
प्रयागराज। पिछले दो वर्ष से बंद चल रही प्रयागराज संगम-गाजीपुर डीएमयू का संचालन उत्तर रेलवे एक बार फिर से शुरू करने जा रहा है। मंगलवार एक मार्च से गाजीपुर डीएमयू का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि रेलवे द्वारा डीएमयू का संचालन स्पेशल ट्रेन के रूप में ही किया जाएगा।
उत्तर रेलवे द्वारा गाजीपुर डीएमयू की समय सारिणी जारी कर दी गई है। दस कोच की गाड़ी संख्या 05437 गाजीपुर सिटी से सुबह 4.20 बजे चलकर वाराणसी, भदोही, जंघई, फूलपुर के रास्ते सुबह 9.59 बजे प्रयाग जंक्शन और 10.30 बजे प्रयागराज संगम स्टेशन पहुंचेंगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05438 शाम 5.45 बजे प्रयागराज संगम से चलकर रात 11.30 बजे गाजीपुर सिटी पहुंच जाएगी। बता दें कि कोविड की पहली लहर के दौरान ही मार्च 2020 में गाजीपुर डीएमयू का संचालन रोका गया था। अब तकरीबन दो वर्ष बाद यह ट्रेन एक बार फिर से शुरू होने जा रही है।