एटीएम की स्क्रीन खोलकर रुपये उड़ाने वाले दो छात्र गिरफ्तार
-कानपुर के रहने वाले हैं दोनों युवक, आईटीआई में पढ़ते हैं
प्रयागराज। जार्जटाउन पुलिस ने बुधवार की रात आईटीआई के दो ऐसे छात्रों को गिरफ्तार किया है जो एटीएम की स्कीन खोलकर एक बटन आफ कर देते थे। इसके बाद हाथ डालकर रुपये निकाल लेते थे। दोनों कानपुर से सिर्फ एटीएम से चोरी करने के लिए आए थे। उन्हें जेल भेज दिया गया।
कानपुर के कर्वी गवा नरवल का रहने वाला सौरभ कुशवाहा और दलेलपुर विधनू का रहने वाला सीतेंद्र कुशवाहा आईटीआई के छात्र हैं। बुधवार की रात दोनों को जार्जटाउन थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह और उनकी टीम ने मधवापुर इलाके में स्थित एटीएम बूथ से गिरफ्तार किया।
सौरभ और सीतेंद्र एटीएम स्क्रीन खोलने के मास्टर हैं। दोनों एटीएम स्क्रीन खोलने के बाद अपना कार्ड लगाते थे। रुपये निकलने का प्रोसेस शुरू होने से पहले पहले स्क्रीन में लगे एक बटन को आफ कर देते थे। इसके बाद रुपये ऊपर आ जाते। हाथ डालकर रुपयों को निकाल लिया जाता। बटन आफ होने की वजह से ट्रांजैक्सशन कैंसिल हो जाता। सौरभ और सीतेंद्र और रुपये भी मिल जाते और खाते से पैसा कटता भी नहीं था।
दोनों थोड़े ही समय में इतने शातिर हो गए थे कि कानपुर के अगल बगल के जिलों के एटीएम में वारदातें करते और 50-60 हजार लेकर निकल जाते। रकम इतनी छोटी होती कि बैंक और एटीएम में पैसे डालने वाली एजेंसी को पता ही नहीं चलता था। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ने लखनऊ, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर समेत कई जिलों में घटनाएं की हैं।